- बैतूल में जेसीबी से अतिक्रमण हटाया, लल्ली चौक से मुल्लाजी पेट्रोल पंप तक चला अभियान
बैतूल। बैतूल नगर पालिका परिषद ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान बुधवार को भी जारी रखा। राजस्व अमले ने लल्ली चौक से मुल्लाजी पेट्रोल पंप तक मुख्य मार्ग पर कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे लगी सात अवैध गुमटियों को हटाया। दुकानों के सामने शेड लगाकर और सामग्री रखकर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया।
अभियान के दौरान उन दुकानदारों को समझाइश दी गई, जिन्होंने अपनी दुकानों की निर्धारित सीमा से बाहर कब्जा कर रखा था। अमले ने उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। कुछ स्थानों पर अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी का भी उपयोग किया गया।
सड़क किनारे बैठे फेरीवालों और अस्थायी दुकानदारों को उनके लिए निर्धारित स्थानों पर भेजा गया। कई दुकानदारों को शिवाजी मार्केट के पीछे पानी टंकी परिसर स्थित व्यवस्थापन स्थल पर स्थानांतरित किया गया है।
कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक बृजलाल परते, मदन विनोदकर और अखिल राय सहित नगर पालिका का राजस्व अमला मौजूद था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारी और जवान भी तैनात रहे।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह कमानी गेट क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। नगर पालिका ने गंज, कोठीबाजार और सदर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए तीन अलग-अलग दल गठित किए हैं। हालांकि, अब तक नियमित और प्रभावी कार्रवाई मुख्य रूप से कोठीबाजार क्षेत्र में ही देखी गई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में अभियान की गति अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाई है।