बैतूल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित ‘आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण’ महासम्मेलन में शिरकत की। यहां उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ कर जनसभा को संबोधित किया। अपना संबोधन पूरा करने के बाद राष्ट्रपति कड़ी सुरक्षा के बीच खंडवा जिले के ओंकारेश्वर के लिए रवाना हो गईं। सुबह राष्ट्रपति का आगमन मिलानपुर टोल नाका स्थित हेलीपैड पर हुआ। यहां राज्यपाल, राज्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। हेलीपैड से उनका काफिला स्टेडियम पहुंचा, जहां उन्होंने सबसे पहले पौधरोपण किया। इसके बाद राष्ट्रपति ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया।

राष्ट्रगीत के साथ शुरुआत, दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ

स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ की गई। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने दीप प्रज्ज्वलित कर महासम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया। मंच पर उन्हें मोमेंटो भेंट कर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसके बाद महासम्मेलन की औपचारिक शुरुआत हुई।

मंच पर मौजूद रहे राज्यपाल और विशिष्ट अतिथि

इस विशाल महासम्मेलन की अध्यक्षता मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने की। मंच पर उनके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, प्रदेश के राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल और संस्था के ओडिशा प्रभारी डॉ. नथमल मौजूद रहे। साथ ही, माउंट आबू से आईं लीना बहन और शैलजा बहन सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *