- झूलते बिजली तार सुरक्षित किए, ट्रांसफार्मर सुधारकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित
बैतूल। जनकल्याण शिविर के अंतर्गत मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के आमला ग्रामीण वितरण केंद्र द्वारा किसानों की सुरक्षा एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए विशेष सुधार कार्य किए गए। वितरण केंद्र के अंतर्गत ग्राम त्रिमहु में 7 किसानों के खेतों से गुजर रही 11 केवी एवं एलटी लाइन के जर्जर एवं झूलते तारों को सुरक्षित बनाने के लिए नया विद्युत पोल स्थापित किया गया। इस कार्य से किसानों को संभावित करंट दुर्घटनाओं से सुरक्षा मिली तथा कृषि पंपों के संचालन में सुविधा सुनिश्चित हुई। इसके साथ ही 63 केवीए क्षमता के एक वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) सहित दो झुकी लाइन डीपी के सुधार कार्य भी पूर्ण किए गए, जिससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सके। इस सुधार कार्य से सीधे तौर पर 7 कृषक परिवार लाभान्वित हुए हैं, जबकि संबंधित विद्युत लाइन से जुड़े लगभग 35 से 40 अन्य किसानों को भी बेहतर और सुरक्षित विद्युत सुविधा का लाभ मिलेगा। जनकल्याण शिविर के दौरान विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार मैदानी स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।