• नलों में टोंटी लगाना अनिवार्य, नगर पालिका की टीम ने शुरू किया सर्वे, अनावश्यक नहीं बहने दिया जाएगा पानी

सारनी। नगर पालिका क्षेत्र में जलावर्धन के नल कनेक्शनों से पानी की सतत आपूर्ति रखने एवं पानी का अपव्यय रोकने के लिए नगर पालिका अब सख्त कदम उठा रही है। पाइप लाइनों में मोटरपंप लगाकर पानी खींचने, बिना टोंटी के नलों से पानी अनावश्यक बहाने अथवा पाइपों से पानी का अपव्यय करने पर अब सीधे नल कनेक्शन काटे जाने की कार्यवाही की जाएगी। ऐसे मोटरपंप भी जब्त किए जा सकते हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि भीषण गर्मी में भी नगर पालिका जलावर्धन योजना के माध्यम से सतत एवं सुचारू पेयजल सप्लाई जारी रख रही है। कई क्षेत्रों में लोगों ने पाइप लाइनों में कनेक्शन के स्थान पर मोटरपंप लगा रखा है। इससे अनावश्यक रूप से आगे प्रेशर कम हो रहा है। जबकि अधिकतर क्षेत्रों में पर्याप्त प्रेशर से पानी आ रहा है। इसके अलावा कई लोगों ने नलों में टोंटी नहीं लगाई है। उपयोग का पानी भरने के बाद वे पानी बेकार बहा रहे हैं। पानी का अपव्यय करने वाले ऐसे लोगों पर अब सख्ती से कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए सारनी, पाथाखेड़ा, शोभापुर एवं बगडोना क्षेत्रों के लिए अलग-अलग टीमें तैयार कर सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। पानी का अपव्यय करने वाले लोगों के नल कनेक्शन काटने की कार्यवाही की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी स्वयं जल उपभोक्ता की होगी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों में लगे कनेक्शन के नल में आवश्यक रूप से टोंटी लगाएं, अनावश्यक रूप से वाहन धोने आदि में पानी का अपव्यय ना करें, कनेक्शन में मोटरपंप का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *