- बैतूल में पुलिस प्रशासन ने ईदगाह की सुरक्षा दो डीएसपी को सौंपी
बैतूल। बैतूल में ईद-उल-अजहा का पर्व 28 मई गुरुवार को मनाया जाएगा। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के अध्यक्ष वसीम खान पाशु ने बताया कि ईदगाह सहित शहर की 11 प्रमुख मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की जाएगी। इसके लिए समय सारिणी निर्धारित कर दी गई है।
जारी समय सारिणी के अनुसार, ईदगाह सदर और गौसिया रहमानिया मस्जिद में सुबह 7:30 बजे नमाज होगी। जामा मस्जिद कोठी बाजार और सदर मस्जिद में सुबह 8:30 बजे नमाज अदा की जाएगी। हसनैन मस्जिद में सुबह 8:45 बजे और गंज मस्जिद में सुबह 9 बजे नमाज का समय निर्धारित किया गया है।
गर्ग कॉलोनी और अहले-हदीस मस्जिद में सुबह 7 बजे नमाज अदा की जाएगी। दारुल फलाह मस्जिद और मेंहदी मस्जिद मुर्गी चौक में सुबह 8 बजे तथा कादरिया मस्जिद चक्कर रोड में सुबह 7:45 बजे नमाज होगी। कमेटी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मस्जिद में अलग से दूसरी जमात नहीं होगी।
40 पुलिसकर्मियों का बल तैनात
ईद के पर्व को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। ईदगाह पर दो डीएसपी, दो थाना प्रभारी, तीन सब इंस्पेक्टर सहित लगभग 40 पुलिसकर्मियों का बल तैनात रहेगा।
शहर की सभी मस्जिदों और कब्रिस्तान पर भी अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद रहेगा ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
नगरपालिका प्रशासन ने मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई के निर्देश जारी किए हैं। इन इलाकों में कचरा वाहनों को दो बार भेजा जाएगा। साथ ही, पर्याप्त पानी की आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।