- जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता से कार्य करें
- ग्रामीण समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : कलेक्टर डॉ. सोनवणे
बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी जनपद पंचायत कार्यालय में बैठक लेकर विभिन्न ग्रामों में नियुक्त जिला अधिकारियों से ग्रामीण समस्याओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कलेक्टर ने बेलोन गांव में विद्युत समस्या के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम जामगोदरा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र एवं समग्र आईडी नहीं बनने पर उन्होंने शिविर आयोजित कर सभी दस्तावेज तैयार कराने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, शौचालय, स्कूलों में पंखे और बिजली जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं सुचारू रहें। निरीक्षण में लापरवाही एवं कार्यों में प्रगति नहीं मिलने पर बीपीओ घोड़ाडोंगरी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत बाकुड में स्कूल की रिटर्निंग वॉल एवं पंचायत भवन निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आरोग्य मंदिर निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने पीआईयू, पीडब्ल्यूडी सहित सभी निर्माण एजेंसियों को लापरवाह ठेकेदारों के विरुद्ध पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने बाकुड में नल-जल योजना की समस्या के निराकरण के साथ गर्भवती महिलाओं, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर, कुपोषित बच्चों एवं दवा उपलब्धता की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में हैंडपंपों के पास सोखपीट निर्माण नहीं पाए जाने पर दोनों उपयंत्रियों के विरुद्ध कार्रवाई एवं सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान अपनी टीप रजिस्टर में अनिवार्य रूप से टिप्पणियां दर्ज करने के निर्देश दिए। नल-जल योजना में प्रेशर मैनेजमेंट की शिकायतों पर कार्यपालन यंत्री पीएचई को पंप ऑपरेटरों के प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए। ग्राम सीताकामथ में स्कूल एवं आंगनवाड़ी को व्यवस्थित रूप से संचालित करने, ग्राम केरपा एवं लादी में दोना-पत्तल कार्य से जुड़ी महिलाओं की आजीविका बढ़ाने तथा दिव्यांग अशोक सलाम को मोटराइज्ड ट्राइसिकल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सभी सीडीपीओ, बीआरसी एवं बीईओ को जर्जर स्कूलों और आंगनवाड़ी भवनों की पहचान कर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम मेहकार में पेयजल समस्या के समाधान एवं स्कूलों में पानी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था की संयुक्त रिपोर्ट 10 जून तक प्रस्तुत की जाए। ग्राम हीरावाड़ी एवं मेहकार के आंगनवाड़ी केन्द्रों में पंखे लगाने, श्रम योगी मानधन योजना में प्रगति लाने तथा चिखली आमढाना में आयुष्मान कार्ड निर्माण की समस्या के समाधान के निर्देश भी दिए गए। खामलपुर मंदिर बैराज निर्माण एवं लंबित आंगनवाड़ी कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया।
ग्राम विक्रमपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में खुला बोर पाए जाने पर कलेक्टर ने चेतावनी दी कि तत्काल बंद नहीं करने पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। अनकावाड़ी में जल संरक्षण कार्यों में प्रगति नहीं मिलने पर सब इंजीनियर को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने तथा स्कूल भवनों के रखरखाव में लापरवाही पर बीआरसी की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम अनकावाड़ी में पुलिया निर्माण एवं अन्य समस्याओं के चलते पंचायत सचिव को हटाने के निर्देश दिए गए। ग्राम नांदूर में सामुदायिक भवन निर्माण अधूरा होने के बावजूद राशि आहरण की शिकायत पर इंजीनियर को नोटिस जारी करने तथा ग्राम घोड़ावाड़ी में स्कूल बाउंड्रीवाल की समस्या के समाधान के निर्देश पंचायत को दिए गए। बैठक में जल शक्ति, जल गंगा संवर्धन अभियान एवं जल संचय जनभागीदारी अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पोर्टल पर फोटो अपलोड नहीं करने पर नाराजगी जताई तथा पौधारोपण के लिए व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।