• तेज आंधी में चिंगारी से भड़की आग; मकान, दुकान, वाहन और मवेशी जले

बैतूल। बैतूल जिले की भीमपुर तहसील के मोहदा क्षेत्र के बर्राढाना गांव में शनिवार शाम भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज आंधी और हवाओं के बीच खाना बनाते समय उठी चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते आग पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीणों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि 15 से अधिक मकान जलकर खाक हो गए। गांव का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा इसकी चपेट में आ गया, जिससे भारी नुकसान हुआ है। आग के दौरान कई गैस सिलेंडर फटने की भी सूचना सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। आग की भयावहता के चलते हालात और बिगड़ गए।
मवेशी और दोपहिया वाहन भी जले
इस हादसे में कई मवेशियों और दोपहिया वाहनों के जलने की भी खबर है। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के काफी देर बाद तक प्रशासन और फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सके। भैंसदेही, चिचोली और बैतूल से दमकल को सूचना दी गई, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण राहत कार्य में देरी हुई। समाचार लिखे जाने तक दमकल के मौके पर पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी थी।
पुलिस मौके पर, नुकसान का आकलन जारी
मोहदा थाने से एसआई रामस्वरूप रघुवंशी घटनास्थल पर मौजूद रहे। फिलहाल आग से हुए नुकसान का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आ सका है। प्रशासन के मौके पर पहुंचने और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *