पाथाखेड़ा। पाथाखेड़ा क्षेत्र में अचानक आई तेज आंधी के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाप्रबंधक कार्यालय के बाजू में बनी w c l की क्वार्टर के सामने खड़ी एक कोल कर्मी की कार पर अचानक एक विशाल नीलगिरी का पेड़ गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा और आंधी के चलते पेड़ की जड़ें कमजोर हो गईं और देखते ही देखते पेड़ भरभराकर वाहन पर आ गिरा। घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। इसी दौरान पाथाखेड़ा समेत आसपास के कई क्षेत्रों में भी आंधी का असर देखने को मिला, जहां मुख्य मार्गों पर कई पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी के कारण पूरे क्षेत्र में विद्युत सप्लाई भी ठप हो गई, जिससे आम जनता को अंधेरे और गर्मी के बीच काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद आसपास के लोगों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय नागरिकों एवं कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभाग को सूचना दी। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में पुराने और जर्जर पेड़ों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक पेड़ों की समय रहते पहचान कर उन्हें हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *