• आवागमन सुविधा नहीं, रोज 3-4 घंटे बर्बाद कर रही छात्राएं, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बैतूल। जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी के उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह परते ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर देवी अहिल्या बाई कन्या छात्रावास घोड़ाडोंगरी में रह रही छात्राओं की गंभीर समस्या से अवगत कराया है। ज्ञापन में बताया गया है कि सांदीपनी स्कूल का नया भवन ग्राम पंचायत दूधावानी क्षेत्र में बनाए जाने के बाद छात्रावास की बालिकाओं के सामने आवागमन की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। छात्रावास और स्कूल के बीच लगभग 4 से 5 किलोमीटर की दूरी होने के कारण छात्राएं समय पर विद्यालय नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे उनकी पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि प्रतिदिन लंबी दूरी तय करने में छात्राओं का 3 से 4 घंटे समय बर्बाद हो रहा है। इस कारण वे थकान का सामना कर रही हैं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से भी वंचित हो रही हैं। विशेष रूप से शारीरिक रूप से अक्षम बच्चियों के लिए यह स्थिति अत्यंत कठिन हो गई है, जो नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंच पा रही हैं। यह स्थिति शिक्षा के अधिकार और संवैधानिक प्रावधानों के भी विपरीत मानी जा रही है।
पालकों ने भी इस व्यवस्था पर नाराजगी जताई है। फूल गोहान क्षेत्र के पालक रामस्वरूप सोहन सहित अन्य अभिभावकों ने बताया कि पहले छात्रावास और स्कूल एक ही परिसर में संचालित होते थे, जिससे छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती थी। लेकिन नए भवन के हस्तांतरण के बाद बिना पर्याप्त व्यवस्था के दूरी बढ़ा दी गई, जिससे बच्चियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। कई छात्राएं अनियमित हो गई हैं और कुछ का स्कूल जाना भी छूटता जा रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि स्कूल भवन का चयन उचित स्थान पर नहीं किया गया, जिसके कारण आज यह स्थिति निर्मित हुई है। अब यह प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करे। जनप्रतिनिधि और पालकों ने मांग की है कि छात्राओं के लिए तत्काल चार पहिया वाहन की व्यवस्था की जाए, ताकि वे सुरक्षित और समय पर स्कूल पहुंच सकें और उनकी शिक्षा बाधित न हो।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *