भोपाल। आज गुरुवार को कांग्रेस में बड़ी टूट होने जा रही है। छिंदवाड़ा में कमलनाथ के दोस्त और सबसे विश्वसनीय माने जाने वाले पूर्व प्रोटेम स्पीकर दीपक सक्सेना के बड़े बेटे अजय सक्सेना भोपाल में दोपहर 2 बजे भाजपा की सदस्यता लेंगे। इनके साथ सतना जिले के कई कद्दावर कांग्रेस नेता BJP में शामिल होंगे।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया के समर्थक और सतना के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सुधीर सिंह तोमर, नागौद के पूर्व विधायक यादवेंद्र सिंह अपने समर्थकों के साथ BJP की सदस्यता लेंगे। भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय में CM डॉ. मोहन यादव, BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के समक्ष कांग्रेस नेता BJP की सदस्यता लेंगे।

दीपक ने कमलनाथ के लिए खाली की थी सीट
2018 में कांग्रेस सत्ता में आई और कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया, तब वे विधानसभा सदस्य नहीं थे। उनके लिए प्रोटेम स्पीकर रहे दीपक सक्सेना ने फरवरी 2019 में पद से इस्तीफा देकर छिंदवाड़ा विधानसभा सीट खाली की थी। इसके बाद उपचुनाव जीतकर कमलनाथ विधायक बने थे। उस समय कयास लगाए जा रहे थे कि कमलनाथ के लोकसभा से इस्तीफा देने के बाद दीपक सक्सेना यहां से चुनाव लड़ेंगे। लेकिन, कमलनाथ ने अपने बेटे नकुलनाथ को मैदान में उतारा। दीपक सक्सेना तभी से कांग्रेस में अपने आपको उपेक्षित महूसस कर रहे हैं। इस बीच बीते महीने जब कमलनाथ और नकुलनाथ के BJP में जाने की अटकलें लगाई जा रहीं थी, तब दीपक सक्सेना ने कहा था- उन्हें भी भाजपा में जाने से कोई गुरेज नहीं हैं।

छिंदवाड़ा से पार्षद दल के नेता भी छोड़ेंगे कांग्रेस
अजय सक्सेना रोहना और गुरैया क्षेत्र में अच्छा प्रभाव रखते हैं। फिलहाल कांग्रेस से इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, यदि ऐसा होता है तो कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है। अजय सक्सेना के साथ छिंदवाड़ा पार्षद दल के नेता पंडित राम शर्मा, पूर्व मंडी अध्यक्ष, नंद किशोर सूर्यवंशी, पूर्व नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेश साहू सहित अमरवाड़ा, हर्रई, छिंदवाड़ा, ब्लॉक और नगर के सैकड़ों पदाधिकारी भी भाजपा जॉइन करेंगे।

छिंदवाड़ा में रिटायर्ड DIG ने BJP जॉइन की
छिंदवाड़ा में गुरुवार सुबह होटल एकार्ड में रिटायर्ड DIG सुधीर वी लाट, जिला युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सीनियर एडवोकेट प्रसन्न श्रीवास्तव ने BJP जॉइन की। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में समर्थक भी भाजपा में शामिल हुए। लाट 2002 बैच के IPS हैं। वे चंबल रेंज से 4 साल पहले DIG से रिटायर हुए थे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *