- बैतूल कोतवाली थाने से 200 मीटर दूर चोरी
बैतूल। बैतूल के मोती वार्ड में बुधवार रात चोरों ने डेढ़ लाख नकदी और 12 लाख से ज्यादा के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। आशंका है की बदमाशों ने पीड़ित परिवार को कोई पदार्थ सूंघा कर बेहोश कर दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वारदात बैतूल कोतवाली थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। बताया जा रहा है की वारदात को अंजाम देने के लिए घर में घुसे चोरों ने घर में सो रही वृद्ध महिला के गले से सोने की चैन खींच ली और हाथों में पहनी चूड़ियां तक उतार ली। महिला के चिल्लाने पर उसका मुंह दबाकर मारपीट भी की। चोर खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे थे। रात में ही पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुंच गई थी। बताया जा रहा है कि चोरों की संख्या 4 से 5 थी। इनमें से कुछ घर के भीतर थे तो कुछ बाहर चेहरे पर कपड़ा बांधकर खड़े थे। घर में अंदर घुसे दो चोर काले कपड़े पहने हुए थे।
स्प्रे से हुए बेहोश
घटना को लेकर पीड़ित विकास सिट्टू गोठी ने बताया कि रात लगभग 3 बजे चोर खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे थे। चोर सीधे उनकी मां चंदन बाला गोठी के कमरे में पहुंचे। जहां दो अलमारियों में रखे कुछ जेवर और नगदी निकाल ली। उन्होंने आशंका जताई है की चोरों ने नीचे सो रही माताजी और बच्चों पर किसी स्प्रे का इस्तेमाल किया था। लेकिन माताजी की नींद खुलते ही उन्होंने उनका मुंह दबा दिया और मारपीट करते हुए माताजी के गले से चेन और हाथों में पहनी चूड़ियां उतार ली। इस दौरान मैं और पत्नी ऊपरी हिस्से में बने अपने कमरे में सो रहे थे। चिल्लाने की आवाज सुनकर जैसे ही हम उठे कमरे का दरवाजा बाहर से बन्द था। इसी बीच चोर भागने में सफल हो गए और माताजी ने ऊपर आकर दरवाजा खोला। चोरों ने दो कमरों में रखे सोने चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया है।
यह जेवरात हुए चोरी
पीड़ित विकास गोठी ने बताया कि पुलिस के कहे अनुसार उन्होंने चोरी किए गए समान की सूची पुलिस को सौंपी है। इसमें सोने की 4 चूड़ी वजन 60 ग्राम, चैन 1 नग वजन 30 ग्राम, पैदल सेट 1 वजन10 ग्राम, सोने के टॉप्स, मंगलसूत्र वजन 15 ग्राम, 1 चैन वजन 10 ग्राम, अंगूठी 1 वजन 15 ग्राम, नगद 1 लाख 50 हजार, बच्चे की गुल्लक, ओर एक मोबाइल शामिल है। इधर कोतवाली टी आई आशीष पवार ने बताया की यह नकबजनी की घटना है। जिसमें चोरों ने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया है। देर शाम डॉग स्क्वायड से भी जांच करवाई गई है। संदिग्धों की तलाश की जा रही है।