बैतूल। कृषक कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल ने कहा है कि प्रदेश में किसानों को लाभान्वित करने के लिये समन्वित प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि रबी उपार्जन कार्य में किसानों से मण्डियों में हम्माली और तुलावटी की राशि नहीं ली जाएगी। श्री पटेल ने कहा कि वर्तमान में विभिन्न मण्डियों में हम्माली और तुलावटी की पृथक-पृथक दरें निर्धारित हैं। इन्हें एकीकृत करने पर सरकार विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि रबी उपार्जन के अंतर्गत मण्डी में सौदा-पत्रक के जरिये भी किसान व्यापारियों को सीधे अपनी उपज बेच सकेंगे।

बीमित राशि का शत-प्रतिशत भुगतान
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि सरकार किसानों को बीमित राशि का शत-प्रतिशत भुगतान कराएगी। उन्होंने बताया कि पिछली सरकार द्वारा वर्ष 2018 की रबी और खरीफ फसलों की बीमा राशि के राज्यांश का भुगतान नहीं किये जाने से किसानों को बीमा का क्लेम नहीं मिल पाया। श्री पटेल ने कहा कि अब राज्य सरकार ने खरीफ का राज्यांश 1695 करोड़ रुपये और रबी का राज्यांश 486 करोड़ रुपये, कुल राशि 2181 करोड़ रुपये का राज्यांश जमा करवा दिया है।

सूरजधारा और अन्नपूर्णा योजना में बजट प्रावधान
मंत्री श्री पटेल ने कहा है कि सरकार शीघ्र ही सूरजधारा योजना और अन्नपूर्णा योजना में किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराने के लिये तात्कालिक तौर पर 25-25 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान करेगी। उन्होंने बताया कि उक्त योजना के बजट में की गई कटौती की पूर्ति करने पर भी विचार किया जा रहा है ताकि पूर्व में किसानों को उन्नत बीज की उपलब्धता में हुई परेशानी और बीज उत्पादक समितियों को हुए नुकसान की प्रतिपूर्ति के लिये भी सरकार विचार कर रही है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *