• 9 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा, 27 सितंबर को भोपाल में करेंगे शक्ति प्रदर्शन

बैतूल। 18 सितंबर को मप्र के सभी प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे। अपनी सूत्री मांगों के समर्थन में स्कूलों के संघ ने यह ऐलान किया है। संघ ने आज अपनी मांगों का एक पत्र भी सौंपा है। प्रमुख 9 मांगों को लेकर प्राइवेट स्कूल संचालक संघ ने शनिवार को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बैतूल को ज्ञापन सौंपकर अशासकीय गैर अनुदान प्राप्त विद्यालयों की समस्याओं के समाधान करने की मांग की। स्कूल संचालकों ने बताया कि 25 सितंबर तक हमारी मांगे नहीं मानी गई तो 27 सितंबर को भोपाल में शिक्षा स्वाभिमान रैली के साथ शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने आरोप लगाया कि स्कूल संचालकों के अस्तित्व और प्राइवेट स्कूलों के बच्चों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। ये बच्चों के अधिकार की लड़ाई है। सभी को मिलकर लड़ाई लड़नी है।
इन 9 मांगों को लेकर शिक्षक एकजुट
1. सत्र 2022- 23 का आरटीई फीस प्रतिपूर्ति की राशि इस माह 25 सितंबर 2023 तक वन क्लिक के माध्यम से जारी की जाए।
2. सत्र 2016 से 2021 तक पोर्टल प्रपोजल जमा करने हेतु पुनः खोला जाये। जिन बच्चों के प्रपोजल नहीं बन पा रहे है उनका भौतिक सत्यापन कराकर आरटीई का भुगतान अविलंब किया जाए।
3. आरटीई की राशि अन्य राज्यों के बराबर दी जाए।
4. तीन साल स्कूल संचालन के बाद विद्यालयों को स्थाई मान्यता प्रदान की जाए।
5. प्राइवेट स्कूलों के टॉप बच्चों को भी स्कूटी प्रदान की जाये साथ ही अन्य सरकारी योजनाओं में भी हमारे अशासकीय स्कूलों के बच्चों को भी शामिल करें।
6. प्राइवेट स्कूलों के बच्चों को भी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश में 5 प्रतिशत का आरक्षण प्रदान किया जाए।
7. मप्र के प्राइवेट स्कूलों की समस्या के लिये प्रत्येक संबंधित विभाग/ मंत्रालय में एक समिति बनाई जाए। जिसमें 5 सदस्य अशासकीय संयुक्त मोर्चा के शामिल किए जाए।
8. कक्षा 1 से 12 तक विद्यालयों हेतु रजिस्टर्ड किरायानामा पूर्ण रूप से समाप्त किया जाए।
9. कक्षा आठ तक के विद्यालयों की मान्यता हेतु इस वर्ष से लागू मान्यता शुल्क और एफडी जमा करने के आदेश को वापस लिया जाए।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *