- गुरु पूर्णिमा पर महाराष्ट्र से दर्शन कर लौट रहे थे
बैतूल। बैतूल-परतवाड़ा स्टेट हाइवे से दो किमी दूर ग्रामीण रोड पर ट्रक पलटने से उसमें सवार दिल्ली निवासी 19 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को भैंसदेही सीएचसी में भर्ती कराया गया है। ये महाराष्ट्र में स्थित एक धार्मिक स्थल से बैतूल जा रहे थे। घटना सावलमेंढा से 2 किलोमीटर की दूरी पर गदराझिरी के पास हुई।
महाराष्ट्र के लाखनवाड़ी में गुणवंत बाबा दरबार से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा ट्रक बुधवार को गदरा झिरी के पास पलट गया। इसमें सवार दिल्ली निवासी श्रद्धालु दो दिन पहले गुरु पूर्णिमा पर यहां दर्शन करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि लाखनवाड़ी से लौट रहे दिल्ली पासिंग ट्रक क्रमांक DL1L( S) 6982 EICHER ने टोल बचाने के लिए ट्रक को स्टेट हाइवे से ग्रामीण मार्ग पर गदरा झिरी की तरफ ले गया।
यहां तेज रफ्तार होने के चलते यह गदरा झिरी मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गया। जानकारी मिलते ही ग्रामीण तुरंत लोगों की मदद के लिए आगे आए और घायल श्रद्धालुओं को ट्रक से निकालकर स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु दिल्ली के रहने वाले है। जिनको बैतूल से ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंचना था। ट्रेन पकड़ने के चलते ट्रक चालक तेजी से चला रहा था, जिससे वह हादसे का शिकार हो गया। ट्रक में सवार यह श्रद्धालु थके और भूखे थे। भैंसदेही में भर्ती घायलों को अस्पताल स्टाफ ने अपने रुपयों से भोजन और नाश्ता कराया।