मध्यप्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। भारी बारिश से नदी नाले उफान पर आ गए है। ऐसे में कई जगहों पर हादसों की तस्वीर नजर आई। आगर-मालवा में एक स्कूल पर बिजली गिरने से 3 बच्चों की मौत हो गई। सीहोर में 6 मजदूर एक नदी में फंस गए, जिन्हें रेस्क्यू किया गया। गुना में भी एक महिला पुल से गिरकर नदी में बह गई। जबकि छिंदवाड़ा में तेज बारिश से छिंदवाड़ा-नागपुर हाइवे बंद हो गया। उधर भोपाल में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सरकारी बंगले में जमकर पानी घुस गया।

MP का परिवार महाराष्ट्र में जीप समेत नदी में बहा

बैतूल जिले के मुलताई के दांतोरा का एक परिवार महाराष्ट्र में जीप समेत नदी में बह गया। जीप में सवार 4 लोगों के शव बरामद कर लिए गए है, जबकि 4 लोगों की तलाश की जा रही है। भाजपा नेता राजू धोटे और पूर्व जनपद सदस्य रम्मू पाटिल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि दांतोरा के मधुकर पाटील (70 साल) और निर्मला पाटिल (60 साल) के साथ ही नागपुर में रहने वाले उनके दामाद-बेटी और जामगांव के रिश्तेदार स्कॉर्पियों से अपनी बहू के मायके नांदा गांव जा रहे थे। तभी नागपुर-सावनेर हाईवे पर केलवद नदी में उनकी जीप बह गई। पुल पर पानी था फिर भी ड्राइवर ने जीप उतार दी। बहाव तेज होने के चलते जीप बह गई। वहां के स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू कर 4 लोगों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि 4 की तलाश की जा रही हैं। इधर गांव के लोग मौके के लिए रवाना हो गए है। वहीं इस घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *