सारनी। कोरोना वायरस (कोविड-19) जैसी वैश्विक महामारी से लड़ने के लिए नगर पालिका स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को भोजन करा रही है। इसके लिए कई सामाजिक संगठन मदद के लिए आगे आ रहे हैं। इसी बीच शुक्रवार को 15 साल के एक मासूम बालक ने भी अपना योगदान दिया। शहर के वार्ड 2 में रहने वाले बालक सूजल पिता विजय विश्वकर्मा का यह योगदान इसलिए भी अनूठा है क्योंकि उसने अपनी गुल्लक तोड़कर 1065 रूपए की राशि इस नेक कार्य के लिए दी है। सूजल विश्वकर्मा ने बताया पिता से पाॅकेट मनी के रूप में मिलने वाले रूपए को इकट्ठा करके उसने उक्त राशि जमा की थी। कोरोना वायरस के कारण लाॅक डाउन हुआ और कई परिवारों के सामने भोजन का संकट नजर आया। इसलिए उसने अपने पिता विजय विश्वकर्मा के समक्ष उक्त राशि दान करने की इच्छा जाहिर की। शुक्रवार को सूजल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीके मेश्राम से मुलाकात की और गुल्लक की उक्त राशि सौंपी। सूजल ने कहा नगर पालिका स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से जो भोजन जरूरतमंदों को दे रही है। यह राशि भी उन्हें के लिए खर्च की जानी चाहिए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीके मेश्राम ने बालक के इस नेक काम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा बालक को प्रोत्साहन स्वरूप प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया है।
15 साल के मासूम बालक ने अपनी गुल्लक तोड़कर दी जरूरतमंदों के लिए 1065 रूपए की राशि
+ There are no comments
Add yours