बैतूल। बैतूल के आमला में दो संदेहियों को पकड़ना पुलिस के लिए परेशानी का सबब बन गया। पुलिस की गिरफ्त में आते ही दोनों संदेहियों को मिर्गी का दौरा पड़ गया, जिसके बाद उन्हें पहले आमला और फिर जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराना पड़ा। संदेहियों का फिलहाल अस्पताल में ईलाज चल रहा है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आमला पुलिस ने बस स्टैंड आमला में दो युवकों को धरदबोचा। दोनों संदेही पकड़ने के पहले तक तो पूरी तरह ठीक थे, लेकिन गिरफ्त में आते ही उन्हें मिर्गी के दौरे आने लगे। संदेही उल्टियां करने लगे। इस पर पुलिस उन्हें आमला अस्पताल ले गई। वहां काफी देर तक मशक्कत के बाद वे ठीक नहीं हो सके तो दोनों को जिला अस्पताल लाया गया है।

यह था मामला
बैतूल में एक मोबाइल दुकान से कुछ मोबाइल चोरी हुए थे। कुछ संदेहियों के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिले थे। जिन्हें पुलिस ने वायरल किया था। इस आधार पर आमला पुलिस ने आमला बस स्टैंड पर मोबाइल बेचने का प्रयास कर रहे दो लोगों को पकड़ा और कोतवाली पुलिस को सूचना दी थी। दोनों संदेहियों को जैसे ही आमला पुलिस ने पकड़ा तो अचानक उन्हें मिर्गी के दौरे जैसे आने लगे। पहले लगा कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ तो नहीं खा लिया।

यह सब देख कर पुलिस भी घबरा गई। उन्हें तत्काल ही आमला अस्पताल ले जाया गया। वहां काफी मशक्कत के बाद भी दोनों ठीक नहीं हुए तो दोनों को रात करीब 11 बजे बैतूल जिला अस्पताल लाया गया है। संदेहियों के पास से जो बैग मिला है, उसमें दो मोबाइल मिले हैं जो बैतूल की एक दुकान से चुराए गए हैं। उनसे और भी चोरियों का खुलासा हो सकता है।

टीआई अपाला सिंह ने बताया कि संदेहियों ने जहर नहीं खाया है। दोनों को मिर्गी जैसे दौरे पड़ रहे हैं। संभावना है कि यह पूछताछ से बचने के लिए केवल ड्रामा कर रहे हैं। दोनों का इलाज करवाया जा रहा है। उनके ठीक होने पर पूछताछ की जाएगी।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *