- घटना स्थल का लिया जायजा
- एएसपी एवं एसडीओपी मौके पर रहे मौजूद
- पुलिस कार्यवाही की ली जानकारी

सारनी। कोयला खदान चोरी के मामले में एसपी ने सारनी माइंस आकस्मिक निरीक्षण किया है। एसपी ने घटना स्थल का जायजा लेने के बाद पुलिस को प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिये। बुधवार को एसपी सीमाला प्रसाद ने पाथाखेड़ा पँहुचने के बाद सारनी माइंस का आकस्मिक निरीक्षण कर मामले की सच्चाई को जानने की कोशिश की। घटना स्थल पर एडिशनल एसपी नीरज सोनी,एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान,टीआई आदित्य सेन,सारनी माइंस के प्रभारी मैनेजर श्री घुड़माडे,वेकोलि सुरक्षा अधिकारी श्री चौहान,चौकी प्रभारी राकेश सरेआम मौजूद थे। एसपी सीमाला प्रसाद ने सारनी माइंस के अधिकारियों एवं डियूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवानों से घटना के बारे में बारीकी से जानकारी ली। एसपी के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान भी बन्द खदान की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने बंधक बनाने की बात सामने नही आई है। परन्तु माइंस में करीबन 10 हजार के केबल एवं पुराने बैरिंग चोरी की बात का खुलासा हुआ है। एसपी के निरीक्षण में सुरक्षा बल के जवानों के खदान पँहुचने से पहले ही चोर भाग जाने की जानकारी मिली है। हालांकि इस मामले को जबरन तूल देने से एसपी की नाराजगी साफ झलक रही थीं। एसपी सीमाला प्रसाद ने 20 नवम्बर की रात में सारनी माइंस में चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पाथाखेड़ा पुलिस को प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। एसपी सीमाला प्रसाद ने एक दिन पहले ही गंभीरता एडिशनल एसपी नीरज सोनी को जांच के लिए सारनी माइंस भेजा था। एएसपी नीरज सोनी कि जांच में सुरक्षा बल के जवानों को बंधक बनाने की बात गलत साबित हुई थी। एसपी सीमाला प्रसाद ने सारनी माइंस चोरी के मामले में जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
इनका कहना है
20 नवम्बर को सारनी माइंस में एक दर्जन के करीब चोरो ने धावा बोला था परन्तु किसी को भी बंधक नही बनाया है। पुलिस ने चोरो के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की है।
प्रमोद सिंह, अध्यक्ष भारतीय मजदूर संघ पाथाखेड़ा