- युवा पीढ़ी को संदेश देने की अनुकरणीय पहल
चिचोली। पर्यावरण के प्रति अपने प्रेम को जाहिर करने के उद्देश्य से नगर के बुजुर्गों ने नेशनल हाईवे के किनारे आज पौधारोपण अभियान चलाया। इस अभियान की खासियत यह रही कि इसमें नगर के 70 वर्ष से अधिक के ही बुजुर्गों ने भाग लिया,बुजुर्गों ने हाईवे के किनारे पौधा लगाकर लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण का संदेश दिया,वहीं युवाओं को इन पौधों की देखभाल करने की सीख दी । वरिष्ठ नागरिक नेकराम राठौर एवं किशोरी लाल जायसवाल ने बताया कि पेड़ों के रूप में अपनी स्मृतियों को हमेशा जीवंत बनाए रखने के लिए उन्होंने हाईवे के किनारे पौधारोपण किया है इसके साथ ही युवाओं को भी अधिक से अधिक प्रेरित करने का प्रयास किया है। वरिष्ठ नागरिक राजेंद्र जायसवाल एवं संतोष मालवीय ने बताया कि छायादार फलदार पौधे लगाकर उन्हें सुखद अनुभूति हुई है, भविष्य की पीढ़ी के लिए उनके हाथों से लगाए हुए यह पौधे पेड़ बनकर लाभदायक साबित होंगे।