बैतूल। राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य श्री ब्रजेश चौहान ने कहा कि कोविड की दूसरी लहर के पश्चात् बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। शिक्षा विभाग के अधिकारी नवाचार कर बच्चों की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि बाल श्रम न हो तथा प्रवासी श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा भी सुचारू हो, इस बात पर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है। श्री चौहान सोमवार को जिला मुख्यालय पर संबंधित अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्रद्धा जोशी, संयुक्त कलेक्टर श्री एमपी बरार, बाल कल्याण समिति के पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं समाजसेवी संगठन के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
बैठक में उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी स्थिति में बाल श्रम न हो, इस बात का भी अधिकारी ध्यान रखें। इसके अलावा बाल विवाह पर भी प्रभावी रोक लगाई जाए। बच्चों पर अत्याचार होने की स्थिति में पुलिस विभाग से बेहतर समन्वय स्थापित कर उनको तत्काल राहत एवं सहायता पहुंचाई जाए। बाल संरक्षण से संबंधित समस्याओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायतों में हेल्प बॉक्स भी लगाए जा सकते हैं एवं महत्वपूर्ण अधिकारियों के टेलीफोन नंबर भी लिखवाए जा सकते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कोविड की तीसरी लहर की संभावना के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग द्वारा बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की भी जानकारी ली।
इसके पूर्व श्री चौहान द्वारा आठनेर पहुंचकर यहां मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना के हितग्राहियों से उनके घर पहुंचकर भेंट की गई। इसके पश्चात् जिला मुख्यालय पर वन स्टाप सेंटर, शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह एवं बाल कल्याण समिति का निरीक्षण किया गया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *