भोपाल. कोरोना वायरस का इफेक्ट प्रदेश के सियासत पर भी दिखाई देने लगा है. प्रदेश में यह पहला मौका है जब राज्यसभा की 3 सीटें खाली होने के बाद भी इन्हें तत्काल भरा नहीं जा सकेगा. कोरोना वायरस के चलते राज्यसभा के चुनाव अभी लंबित हैं. गुरुवार (9 अप्रैल) को राज्यसभा की 3 सीटें खाली हो रही हैं. कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, भाजपा के प्रभात झा और सत्यनारायण जटिया का राज्यसभा कार्यकाल 9 अप्रैल को पूरा हो रहा है.

26 मार्च को होना था चुनाव
खाली होने वाली तीन सीटों पर 26 मार्च को चुनाव होना था, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते इन चुनावों को टाल दिया गया है. चुनाव की अगली तारीख अभी घोषित नहीं हुई है, इसलिए राज्यसभा के आगामी चुनाव तक इन 3 सीटों को खाली ही रखना पड़ेगा. हालांकि इन सीटों के लिए कांग्रेस की तरफ से दिग्विजय सिंह, फूल सिंह बरैया और बीजेपी की तरफ से ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुमेर सिंह सोलंकी ने दावेदारी पेश की है. चारों प्रत्याशी अपना-अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं, लेकिन मौजूदा हालातों को देखते हुए माना जा रहा है कि अब इनको सांसद बनने के लिए लंबा इंतजार करना होगा.

प्रदेश की 3 सीटों पर हैं 4 उम्मीदवार

देश में राज्यसभा की 55 सीटें इस महीने खाली हो रही हैं. इनमें से 37 सीटों पर निर्विरोध चुना जाना तय है, बाकी 18 सीटों पर चुनाव के हालात बने हैं. उनमें से मध्‍य प्रदेश की 3 राज्यसभा सीटें भी शामिल हैं, जहां पर 4 उम्मीदवारों के होने के कारण चुनाव के हालात बने हैं, लेकिन ये चुनाव कब होंगे अभी कहना मुश्किल है.

चुनाव आयोग नई तारीखों का ऐलान करेगा और कोरोना के खत्म होने के बाद ही चुनाव की तारीखें घोषित होंगी. ऐसे में कांग्रेस का दामन छोड़ बीजेपी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया और मौजूदा राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को दोबारा राज्यसभा जाने के लिए अभी इंतजार करना होगा.

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *