नई दिल्ली। आजतक न्यूज चैनल के सीनियर एंकर रोहित सरदाना का शुक्रवार को कोरोना के चलते निधन हो गया। 42 साल के रोहित ने नोएडा के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। जैसे ही उनके निधन की खबर सामने आई हर कोई स्तब्ध रह गया। चैनल के LIVE शो में रोहित के साथी एंकर्स चित्रा त्रिपाठी, अंजना ओम कश्यप और सईद अंसारी रो पड़े। एक-एक करके सभी ने रोहित से जुड़ी यादों को शेयर किया।

रिकवर हो रहे थे सरदाना, आखिरी ट्वीट में भी लोगों की मदद करते दिखे
रोहित एक हफ्ते पहले संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद से उनका इलाज चल रहा था। साथी एंकर चित्रा त्रिपाठी ने बताया कि दो दिन पहले ही रोहित ने बताया था कि वह रिकवर हो रहे हैं। जल्द ही वापस ऑफिस जॉइन करेंगे, लेकिन अचानक इस खबर ने सबको झकझोर दिया है। रोहित हमेशा लोगों की मदद करते रहे। आखिरी ट्वीट रोहित ने गुरुवार की रात 8 बजे की है। इसमें भी उन्होंने कानपुर की एक कोरोना मरीज के लिए मदद मांगी।

प्रधानमंत्री समेत कई हस्तियों ने जताया शोक
पत्रकार रोहित एंकर के निधन पर मीडिया जगत के साथ-साथ राजनीतिक, उद्योग, खेल और एंटरटेनमेंट जगत में भी शोक की लहर दौड़ पड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘रोहित सरदाना ने हम सभी को बहुत छोड़ दिया। ऊर्जा से भरपूर वो हमेशा से देश की प्रगति के लिए सोचते थे। एक दयालु आत्मा के रूप में उन्हें हमेशा से याद किया जाएगा। उनके असामयिक निधन ने मीडिया जगत में एक बहुत बड़ा शून्य छोड़ दिया है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।’

इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राजनीतिक हस्तियों ने रोहित के निधन पर शोक जताया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *