- बैतूल में रोबोट्रेड ऐप में निवेश के नाम पर लिए थे पैसे, छत्तीसगढ़ ले जाकर होगी पूछताछ
बैतूल। बैतूल पुलिस ने 1.93 करोड़ रुपए के ऑनलाइन निवेश घोटाले में फरार चल रहे आरोपी योगेश कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब डेढ़ साल से फरार था। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान पुलिस उसे छत्तीसगढ़ ले जाकर पूछताछ करेगी। आरोपी का वीडियो भी सामने आया है।
यह मामला 9 फरवरी 2025 को सामने आया था। गंज क्षेत्र के भग्गूढाना निवासी कुलदीप राठौर ने बैतूल बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने ‘रोबोट्रेड’ नाम के ऑनलाइन ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश पर ज्यादा मुनाफा देने का झांसा दिया था।
निवेश के नाम पर रुपए लिए और निकालने पर रोक लगा दी
शुरुआत में ऐप पर निवेश बढ़ता हुआ और मुनाफा मिलता हुआ दिखाया गया। इससे निवेशकों का भरोसा जीत लिया गया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में करोड़ों रुपए जमा कराए गए। जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो निकासी रोक दी गई। बाद में आरोपियों से संपर्क भी टूट गया। तब करीब 1.93 करोड़ रुपए की ठगी का पता चला।
पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जालसाजी और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मुख्य आरोपी मिलन राठौर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इसके अलावा पंकज उर्फ ज्ञानप्रकाश साहू को भी गिरफ्तार किया गया था। अब पुलिस ने फरार आरोपी योगेश कुमार साहू (35), निवासी पामवुड रेसिडेंसी, कातुलबोर्ड, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह इस पूरे नेटवर्क की अहम कड़ी है।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी को छत्तीसगढ़ ले जाकर बैंक खातों, डिजिटल डिवाइस, पैसों के लेनदेन और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि ठगी की रकम किन खातों में भेजी गई और उसका इस्तेमाल कहां किया गया।
+ There are no comments
Add yours