बैतूल। इवनिंग वॉक पर निकले सिंचाई विभाग के एसडीओ को आज देर शाम बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वे अप्रैल में रिटायर होने वाले थे। घटना के समय उनकी पत्नी उनके साथ थी।
ये है पूरा मामला
जेएच कॉलेज के मेन रोड पर आज एक बाइक सवार ने सिंचाई विभाग के एसडीओ दिलीप कुमार गुप्ता (61) को टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वे पत्नी के साथ इवनिंग वॉक पर निकले थे। मौके पर गिरते ही उन्हें खून की उल्टियां हुईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय उनकी पत्नी भी साथ थी। जो घटना को देखते ही बदहवास हो गई। गुप्ता अप्रैल में रिटायर होने वाले थे। वे यहां घोड़ाडोंगरी में सिंचाई विभाग के एसडीओ थे। उनके बच्चे फिलहाल बैतूल में ही हैं। जबकि भाई अशोक मुरैना में सिविल सर्जन रहे हैं।
बाइक सवार पकड़ाया
मौके पर लोगों ने बाइक सवार को पकड़ लिया। जबकि, दूसरा मौके से फरार हो गया। गंज थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक जुगल किशोर राठौर ने बताया कि बाइक को जब्त कर लिया है। बाइक सवार छोटू उर्फ विजय जो इंदिरा कालोनी का रहने वाला है, उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि शायद ये बाइक के पीछे बैठा होगा। जबकि, आगे बैठा युवक बाइक चला रहा होगा, जो फरार हो गया।
+ There are no comments
Add yours