आमला। लगातार हो रही बारिश के बीच वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने छतरी लेकर अपने वार्ड का दौरा किया और विभिन्न क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने नालियों, जलभराव वाले स्थानों तथा बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने बताया कि जिन स्थानों पर बारिश का पानी जमा हो रहा है और निकासी की समस्या बनी हुई है, उन्हें चिन्हित कर नगर पालिका के स्वच्छता प्रभारी उल्लास जोशी को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नालियों की सफाई एवं पानी निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि नागरिकों को बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व हुई तेज बारिश के कारण फरीद खान के मकान में पानी घुस गया था। शिकायत मिलने के बाद तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था कराई गई। अब ऐसी व्यवस्था बनाई गई है कि भविष्य में फरीद खान सहित आसपास के किसी भी घर में बारिश का पानी प्रवेश न करे।
निरीक्षण के दौरान पार्षद ने बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय की स्थिति का भी जायजा लिया तथा माल गोदाम क्षेत्र के पास स्थित नाले की सफाई जेसीबी मशीन से जल्द कराने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की सुविधा और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने कहा कि बारिश के मौसम में नागरिकों की सुरक्षा और जल निकासी व्यवस्था उनकी प्राथमिकता है तथा नगर पालिका के सहयोग से आवश्यक कार्य शीघ्र पूरे कराए जाएंगे।
+ There are no comments
Add yours