कोटवारों की समस्याओं को विधानसभा में रखूंगा : हेमंत खंडेलवाल

Estimated read time 1 min read
  • मप्र ग्राम रक्षक कोटवार चौकीदार संघ ने सौंपा ज्ञापन

बैतूल। मप्र ग्राम रक्षक कोटवार चौकीदार संघ ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को विधानसभा में ग्राम रक्षक कोटवारों की न्यायोचित मांगों के संबंध में प्रश्न उठाए जाने एवं शासन का ध्यान आकर्षित किए के मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा इस संबंध में संगठन के जिलाध्यक्ष रामदास गुजरे ने कहा कि ग्राम रक्षक कोटवार शासन के राजस्व, कानून-व्यवस्था, निर्वाचन, जनगणना, प्राकृतिक आपदा प्रबंधन तथा अन्य महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों का वर्षों से निष्ठापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी अनेक न्यायोचित एवं लंबित मांगों का आज तक निराकरण नहीं हो सका है। जिला सचिव लोकेश पाटिल एवं पूर्व जिला अध्यक्ष मनीकराव वामनकर ने कहा कि नगरीय एवं अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम रक्षक कोटवारों के पद समाप्त किए जा रहे हैं और शासन मप्र भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 230 के प्रावधानों को यथावत बनाए रखने तथा ग्राम रक्षक कोटवार व्यवस्था को विधिक संरक्षण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है? परन्तु इसके लिए कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। उपाध्यक्ष घनश्याम बारसे एवं प्रदेश मंत्री गणेश चौकीकर ने कहा कि शासन ग्राम रक्षक कोटवारों की नियुक्ति में ग्राम पंचायत के प्रस्ताव की अनिवार्यता समाप्त कर योग्य पारिवारिक सदस्य को प्राथमिकता देने तथा नियुक्ति का अधिकार सक्षम राजस्व अधिकारी ( तहसीलदार) को प्रदान किया जाना चाहिए।  तहसील अध्यक्ष आठनेर और तहसील अध्यक्ष कन्हैया बानसे ने कहा कि ग्राम रक्षक कोटवारों को समान कार्य के अनुरूप समान वेतन अथवा कलेक्टर रेट के अनुसार मानदेय मिलना चाहिए। कोषाध्यक्ष अशोक जावलकर एवं मिथलेश चंदेलकर ने कहा कि अतिरिक्त शासकीय कार्यों के लिए अतिरिक्त ड्यूटी भत्ता प्रदान किया जाए। हार्दिक राव सोनारे, देवीदास मनोरे ने कहा कि सेवा आयु का स्पष्ट वैधानिक प्रावधान न होने के बावजूद ग्राम रक्षक कोटवारों की सेवाएँ 62 वर्ष की आयु में समाप्त की जा रही हैं जो अन्यायपूर्ण है। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे। 

More From Author

+ There are no comments

Add yours