भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी का असर तेज हो गया है। भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। सतना, रीवा, मैहर, टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर जिलों में इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया है। लोगों के मोबाइल फोन पर चेतावनी संदेश भेजकर धूप से बचने, जरूरी सावधानी बरतने और बिना वजह घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है।
गर्मी का असर अब इंसानों के साथ जानवरों पर भी दिखने लगा है। राजधानी भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क में जानवरों को राहत देने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। शेर, बाघ और तेंदुओं के हाउस में कूलर, पर्दे और ग्रीन नेट लगाए गए हैं, जबकि बाड़ों में लगातार पानी भरा जा रहा है।
प्रदेश में गुरुवार को भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण कई शहरों में दिनभर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
11 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार
मुरैना में 45 डिग्री, सतना और रीवा में 44.4 डिग्री, बालाघाट के मलाजखंड और मंडला में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दतिया, टीकमगढ़, उमरिया और दमोह में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया।
प्रदेश के पांच बड़े शहरों में जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर में 43.3 डिग्री, भोपाल में 42 डिग्री, उज्जैन में 41.5 डिग्री और इंदौर में 40.4 डिग्री तापमान रहा।
+ There are no comments
Add yours