- तत्पश्चात मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से की सौजन्य मुलाकात
- कांग्रेस पार्टी में सच बोलने वालों की आवाज को हमेशा दबाया जाता रहा है
- कांग्रेस के अधिकांश कार्यकर्ताओं का पटवारी और कांग्रेस नेतृत्व से विश्वास उठ चुका है
- राकेश सिंह यादव का भाजपा परिवार में स्वागत, प्रदेश प्रवक्ता का दायित्व संभालेंगे – श्री हेमंत खण्डेलवाल
- जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और हरीश चौधरी ब्रोकर की तरह पार्टी चला रहे, दलाली कर रहे
- कांग्रेस में अंधभक्त लोग हैं और भाजपा में देशभक्त कार्यकर्ता हैं
- मुख्यमंत्री पर पटवारी ने झूठे आरोप लगाए, मैंने साक्ष्य मांगे तो बोलने पर पाबंदी लगाई – राकेश सिंह यादव
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल के समक्ष गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव श्री राकेश सिंह यादव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। तत्पश्चात श्री राकेश सिंह यादव ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य मुलाकात की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर श्री राकेश सिंह यादव का भाजपा परिवार में स्वागत किया एवं मुंह मीठा कराया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने सदस्यता दिलाने के पश्चात कहा कि कांग्रेस पार्टी में 30 साल तक सेवा देने वाले वरिष्ठ नेता श्री राकेश सिंह यादव को सच बोलने के कारण कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने उनकी आवाज को दबाने का कार्य किया। कांग्रेस नेतृत्व से विश्वास समाप्त होने के बाद श्री राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। कांग्रेस का वर्तमान नेतृत्व बिना किसी साक्ष्य के तथ्यहीन आरोप लगाता है, जिसके कारण श्री राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस पार्टी छोड़ी है। कांग्रेस के अधिकांश कार्यकर्ताओं का उनके प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस नेतृत्व से विश्वास खत्म हो चुका है। श्री राकेश सिंह यादव का भाजपा परिवार में स्वागत करता हूं और वे भाजपा में प्रदेश प्रवक्ता का दायित्व संभालेंगे। श्री राकेश सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ब्रोकर की तरह पार्टी चला रहे हैं। कांग्रेस के तीनों नेता दलाली कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने दुर्योधन पैदा कर दिए हैं। कांग्रेस में अंधभक्त लोग हैं, राहुल गांधी और जीतू पटवारी जो कहते हैं, वही करते हैं। भाजपा में देशभक्त कार्यकर्ता हैं। जीतू पटवारी अपनी जन्मतिथि को लेकर दो दस्तावेज पेश करते हैं, जो अपनी सही जन्मतिथि नहीं बता पा रहे हैं, वह मध्यप्रदेश कांग्रेस को कैसे दिशा दे सकते हैं। कुछ दिनों पहले जीतू पटवारी ने मध्यप्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लेकर झूठे आरोप लगाए थे। मैंने कहा कि इन आरोपों को लेकर मीडिया डिबेट में जाना पड़ता है तो कुछ साक्ष्य दीजिए, पार्टी का पक्ष रखने के लिए। पटवारी ने कहा मेरे पास कोई साक्ष्य नहीं है, तीन दिनों तक मीडिया पर डिबेट के लिए कांग्रेस नेताओं को प्रतिबंधित कर दिया, फिर प्रतिबंध को पांच दिन कर दिया। इसके बाद मेरी आवाज को दबाया जाने लगा, इसलिए मैंने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
कांग्रेस नेता बिना तथ्य और साक्ष्य के निराधार आरोप लगाते हैं – श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता बिना तथ्यों, साक्ष्यों के निराधार आरोप लगाते हैं। कांग्रेस पार्टी में सच बोलने वाले कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाया जाता है। श्री राकेश सिंह यादव ने भी सच बोलने का प्रयास किया तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी नेतृत्व ने उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया। श्री राकेश सिंह जैसे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हैं, जिन्हें सच बोलने नहीं दिया जा रहा है, इसलिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में अपनी पार्टी के प्रति अविश्वास पैदा हो रहा है। कांग्रेस पार्टी को उसके नेता एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि अपनी निजी कंपनी की तरह चला रहे हैं। श्री राकेश सिंह यादव ने एनएसयूआई से लेकर प्रदेश कांग्रेस में 30 सालों तक सेवा दी है। वह दो बार प्रदेश कांग्रेस के सचिव और दो बार प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री रहे हैं। इतने पुराने कार्यकर्ता को कांग्रेस में सच बोलने के कारण पार्टी छोड़ने की नौबत आई तो आप सभी समझ सकते हैं कि कांग्रेस पार्टी को उसके नेता किस तरह से चला रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता बिना तथ्य और साक्ष्य के आरोप लगाते हैं। यह कांग्रेस नेताओं की पुरानी आदत है। कांग्रेस पार्टी झूठ का सहारा लेकर भाजपा सरकार को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास करती रही है, जिसमें वह कभी सफल नहीं होगी।
कांग्रेस के सभी बड़े पद बेचे जाते हैं, कांग्रेस पार्टी जल्दी ही समाप्त हो जाएगी-श्री राकेश सिंह यादव
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद वरिष्ठ नेता श्री राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और हरीश चौधरी जिस तरह चला रहे हैं, उससे बहुत जल्दी कांग्रेस पार्टी समाप्त हो जाएगी। कांग्रेस में बिना लाभ के काम करने वाले कार्यकर्ताओं को काम नहीं करने दिया जाता, सच बोलने वालों को परेशान किया जाता है। राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी में दुर्योधन तैयार किए हैं। कांग्रेस पार्टी में अभी संगठन सृजन का अभियान चलाया गया था, उसकी हकीकत यह है कि कांग्रेस पार्टी में सभी बड़े पद बेचे जाते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कोई सुनवाई नहीं होती। कांग्रेस की सोच बहुत पुरानी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और हरीश चौधरी पार्टी को ब्रोकर की तरह चला रहे हैं। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों से जुड़े कोई कार्य नहीं कर रही है। कांग्रेस के नेता दलाली के कार्यों में लगे हुए हैं। जीतू पटवारी खुद को किसान बताते हैं, लेकिन वह जो आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं, उसमें कृषि से कोई आय नहीं होती, सभी अलग-अलग व्यवसाय की होती है। खुद को किसान बताने वाले पटवारी, आदिवासी नेता कहलाने वाले सिंघार और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी चौधरी तीनों नेता डिफेंडर कार से चलते हैं। मध्यप्रदेश का कोई आदिवासी खेती करने वाला डिफेंडर से चल सकता है क्या।
+ There are no comments
Add yours