भाजप प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर दी कड़ी प्रतिक्रिया

Estimated read time 1 min read
  • आपराधिक जांच से बचने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध का झूठा नैरेटिव गढ़ रही कांग्रेस
  • सहानुभूति बटोरने के लिए कानून को कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस और पटवारी की पुरानी प्रवृत्ति
  • भाजपा सरकार में कानून सबके लिए समान, कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं- श्री हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आपराधिक जांच से बचने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध का झूठा नैरेटिव गढ़ना कांग्रेस की पुरानी राजनीति रही है। सहानुभूति प्राप्त करने के लिए कानून और जांच एजेंसियों को कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस और उसके नेताओं की आदत बन चुकी है। जीतू पटवारी का बयान तथ्यों से परे, भ्रामक तथा राजनीतिक लाभ लेने का एक असफल प्रयास है। कांग्रेस को गंभीर आपराधिक मामलों में जांच के दायरे में आए लोगों का बचाव करने के बजाय कानून का सम्मान करना चाहिए। जिस व्यक्ति के समर्थन में कांग्रेस खड़ी है, उसके विरुद्ध पूर्व से ही कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। भाजपा सरकार में कानून सबके लिए समान है और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।
कांग्रेस यह भ्रम त्याग दे कि राजनीतिक पद या पारिवारिक संबंध कानून से ऊपर हैं
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। अपराधी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। जब कानून अपना कार्य कर रहा है, तब कांग्रेस और उसके नेता राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाकर जांच एजेंसियों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह भ्रम पूरी तरह त्याग दे कि राजनीतिक पद, पारिवारिक संबंध या रसूख कानून से ऊपर हो सकते हैं। भाजपा सरकार में किसी की पहचान उसके राजनीतिक रिश्तों से नहीं, बल्कि उसके कृत्यों से होती है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस उपलब्ध तथ्यों, साक्ष्यों और विधि सम्मत प्रक्रिया के आधार पर किसी व्यक्ति से पूछताछ करती है, तो उसे “रिवेंज पॉलिटिक्स” बताना न्याय व्यवस्था, जांच एजेंसियों और कानून का अपमान है। भाजपा सरकार का स्पष्ट सिद्धांत है कि कानून न किसी के दबाव में, न किसी के प्रभाव में और न ही किसी के प्रति द्वेष की भावना से काम करता है। मध्यप्रदेश में तथ्यों, साक्ष्यों और कानून के आधार पर ही कार्रवाई होती है।
कांग्रेस स्पष्ट करे, वह कानून के साथ है या कानून के शिकंजे में आए लोगों के साथ
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि किसी व्यक्ति के विरुद्ध पूर्व से अनेक आपराधिक प्रकरण दर्ज हो तो पुलिस की वैधानिक कार्रवाई को राजनीतिक रंग देकर उसे बचाने का प्रयास अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस और जीतू पटवारी को स्पष्ट करना चाहिए कि वे कानून के साथ हैं या कानून के शिकंजे में आए लोगों के साथ खड़े हैं। लोकतंत्र में विपक्ष का दायित्व सरकार से प्रश्न पूछना है, लेकिन कानून की निष्पक्ष कार्रवाई को बदनाम करना और जांच एजेंसियों पर दबाव बनाने का प्रयास किसी भी जिम्मेदार राजनीतिक दल के लिए उचित नहीं कहा जा सकता। कांग्रेस के नेता प्रदेश में हो रहे विकास से जनता का ध्यान भटकाने के लिए निरंतर निराधार आरोपों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और कानून के राज के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। भाजपा सरकार में न कोई निर्दाेष फँसेगा और न कोई अपराधी बचेगा। भाजपा सरकार की नीति स्पष्ट है, कानून का राज सर्वाेपरि है, व्यक्ति नहीं। कानून सबके लिए समान है और बिना किसी भेदभाव के अपना काम करेगा। यहां किसी के साथ राजनीतिक प्रतिशोध नहीं, बल्कि कानून के अनुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई होती है।

More From Author

+ There are no comments

Add yours