दतिया में नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का बवाल, पत्थरबाजी में SP समेत 6 घायल, NH-44 पर 15 KM लंबा जाम

Estimated read time 0 min read
  • मध्य प्रदेश की दतिया सीट से बीजेपी द्वारा आशुतोष तिवारी को उपचुनाव का टिकट दिए जाने के बाद पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क गए. प्रदर्शन

दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को तगड़ा झटका देते हुए आशुतोष तिवारी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। टिकट की घोषणा होते ही दतिया की राजनीति गरमा गई है और नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों में भारी नाराजगी फैल गई है। पार्टी के फैसले के विरोध में भाजपा संगठन में जहां इस्तीफों की झड़ी लग गई है, वहीं प्रत्याशी बदलने की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने हाईवे जाम करने से लेकर बाजार बंद कराने जैसे कदम भी उठाए हैं। जिससे कि झांसी हाईवे पर 25 किमी लंबा जाम लग गया है। इस दौरान ट्रकों और गाड़ियों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। उधर दतिया जिला अध्यक्ष ने तो अपने कई पदाधिकारियों और दतिया व बड़ौनी के समस्त पार्षदों के साथ त्यागपत्र दे दिया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

पार्टी के फैसले को एकतरफा और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने वाला बताते हुए पार्टी के जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा ने अपने पदाधिकारियों के साथ सामूहिक इस्तीफा दे दिया। साथ ही उन्होंने पार्टी को चेतावनी भी दी कि अगर 24 घंटे के अंदर नरोत्तम मिश्रा को प्रत्याशी नहीं बनाया गया तो वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे देंगे और पूरी ताकत से पार्टी के फैसले का विरोध करेंगे।

दतिया व बड़ौनी के सभी पार्षदों ने दिया इस्तीफा

इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश अध्यक्ष को भेजे अपने इस्तीफे में कुशवाहा ने बताया कि वह अपने समस्त पदाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, नगर पालिका दतिया के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, बड़ौनी पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, दतिया विधानसभा के 6 मण्डलों के अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, दतिया व बड़ौनी के समस्त पार्षदों तथा दतिया विधानसभा की 291 यूथों के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी के साथ सामूहिक रूप से इस्तीफा दे रहे हैं।

समर्थकों ने बाजार बंद कराए, हाईवे जाम किया

उधर टिकट की घोषणा होने के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थक और स्थानीय व्यापारी भी सड़क पर उतर आए। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने झांसी हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो भोपाल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर भी नाराजगी जताई।

चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए थे मिश्रा

दरअसल, उपचुनाव की घोषणा के बाद से ही नरोत्तम मिश्रा लगातार चुनावी तैयारियों में जुटे हुए थे। वे जनसभाएं कर रहे थे और पिछली चुनावी हार को लेकर जनता से माफी भी मांग रहे थे। उन्होंने बुधवार को नामांकन पत्र भी खरीद लिया था और शुक्रवार को उनके नामांकन दाखिल करने की चर्चा थी। लेकिन टिकट की घोषणा ने पूरे राजनीतिक समीकरण बदल दिए।

कौन हैं आशुतोष तिवारी जिन्हें भाजपा ने दिया टिकट

भाजपा ने नरोत्तम का टिकट काटकर जिन आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया है, वे लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सेंवढ़ा सीट से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन तब पार्टी ने प्रदीप अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया था। आशुतोष तिवारी भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री रह चुके हैं और मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन (कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त) भी रह चुके हैं।

बता दें कि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अब तक 13 उम्मीदवारों ने नामांकन फॉर्म खरीदे हैं, जबकि 4 उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल कर चुके हैं।

More From Author

+ There are no comments

Add yours