PM मोदी से बोले शिवराज, Lockdown 4.0 में भी शाम 7 से सुबह 7 बजे तक लगे ‘कर्फ्यू’

Estimated read time 1 min read

भोपाल. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कोरोना के संबंध में आज देश के सभी मुख्यमंत्रियों के साथ ली गई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आपकी दूरदृष्टि, संकल्पशक्ति और आपके कुशल नेतृत्व में टीम इंडिया कोरोना के खिलाफ जंग में शीघ्र जीत हासिल करेगी. आपने संघीय ढांचे के सम्मान और गरिमा के अनुरूप निरंतर राज्यों के साथ संवाद एवं समन्वय करके देश में कोरोना के खिलाफ इतनी सशक्त रणनीति लागू की है, जिससे हमने कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण पाया है. जबकि गृह विभाग की एडवाइजरी राज्यों के लिए अत्यंत स्पष्ट और उपयोगी होती है. मध्‍य प्रदेश की तरफ से सीएम के अलावा इस वीसी में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान आदि उपस्थित थे.

केन्द्र का निरंतर सहयोग
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि कोरोना संकट में राज्यों को केन्द्र का निरंतर सहयोग मिल रहा है. केन्द्र द्वारा भेजी गई टीम अधिक संक्रमित क्षेत्रों में आई और उन्होंने महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया. मजदूरों के लिए चलाई गई ट्रेन मजदूरों को वापस लाने में अत्यंत सहायक सिद्ध हुई है. जबकि मनरेगा में केन्द्र द्वारा भिजवाई गई 661 करोड़ की राशि तथा एनडीआरएफ की 910 करोड़ रुपये की राशि इस संकट के समय में काफी सहायक सिद्ध हुईं. प्रदेश में 16 लाख मजदूरों को मनरेगा में कार्य दिया गया है. प्रदेश में विभिन्न प्रकार की आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ की गई हैं. एमएसएमई उद्योगों के लिए राज्यों को पैकेज दिया जाए.

श्रम कानूनों में सुधार, मण्डी एक्ट में परिवर्तन

चौहान ने कहा कि प्रदेश में श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक निवेश प्रोत्साहन के लिए श्रम कानून में कई सुधार किए गए हैं. किसानों को उनकी उपज का अधिक से अधिक दाम दिलाने के लिए मण्डी एक्ट में परिवर्तन किए गए हैं, जिनके अंतर्गत अब किसान अपने घर से सौदा पत्रक के माध्यम से, मण्डी में तथा ई-टेंडरिंग के माध्यम से भी अपनी फसल बेच सकते हैं.

मिला-जुला हो चौथे लॉकडाउन का स्वरूप 
मध्‍य प्रदेश के सीएम ने वीसी में सुझाव दिया कि प्रदेश में कोरोना के संक्रमण को प्रभावी ढंग से रोकने तथा अर्थव्यवस्था को दोबारा खड़े करने के उद्देश्य से चौथे लॉकडाउन का स्वरूप मिला-जुला हो. संक्रमित क्षेत्र में पूरी सख्ती बरती जाए, वहीं अन्य क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को सुचारू करने के उद्देश्य से छूट दी जाए. रात्रिकालीन कर्फ्यू शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक यथावत रहे. इसके अलावा धीरे-धीरे पब्लिक ट्रांसपोर्ट नियंत्रित रूप से प्रारंभ किए जाएं. वहीं, सभी प्रकार के उत्सव प्रतिबंधित हों।

15 मई से पहले अपनी रणनीति भिजवाएं राज्य
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि 15 मई से पहले राज्य चौथे लॉकडाउन के संबंध में अपनी रणनीति बनाकर भिजवाएं. इसमें अपने राज्य में किस प्रकार की रचना करना चाहते हैं, उसके मैप और लॉजिक सहित भारत सरकार को भिजवाएं. लॉकडाउन का अगला चरण 18 मई से लागू होगा. यह चरण दूसरे स्वरूप में होगा. साथ ही पीएम ने कहा कि प्री-कोरोना दुनिया से पोस्ट-कोरोना दुनिया बदल चुकी होगी. हमें उसके अनुरूप एक नई जीवनशैली अपनानी होगी तथा उसके अनुरूप कार्य करना होगा. हम अब इंतजार नहीं कर सकते. राज्यों को इस दिशा में नेतृत्व करना होगा.

ग्रीन जोन में जीवन को सहज बनाना होगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रेड जोन क्षेत्रों में पूरी सावधानी रखे जाने के साथ ही हमें ग्रीन जोन क्षेत्रों में जीवन को सहज बनाना होगा. आगामी समय में बारिश आने वाली है, जब अन्य बीमारियां बढ़ती हैं. हमें कोरोना के अलावा दूसरी बीमारियों के इलाज के लिए स्वास्थ्य संस्थाओं को सक्रिय करना होगा. जबकि शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का उपयोग करना होगा.

More From Author

+ There are no comments

Add yours