नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को जब कोरोना वैक्सीन लगवाने एम्स पहुंचे तो उन्होंने अपने अलग अंदाज के जरिए माहौल को हल्का करने की कोशिश की। नेताओं के बारे में उनकी एक टिप्पणी पर नर्सों ने ठहाका लगा दिया। जानिए पूरा वाकया…
प्रधानमंत्री सोमवार सुबह जैसे ही एम्स पहुंचे, उन्हें वैक्सीन लगाने के लिए पुडुचेरी की नर्स पी निवेदा ड्यूटी पर थीं। निवेदा ने उन्हें भारत बायोटेक की कोवैक्सीन लगाई। निवेदा को असिस्ट करने के लिए केरल की नर्स रोसम्मा अनिल भी मौजूद थीं। ये दोनों नर्स पिछले कुछ सालों से एम्स में काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री के एम्स आने के बारे में अस्पताल के स्टाफ को ऐन वक्त पर बताया गया था। इस वजह से माहौल गंभीर था। प्रधानमंत्री यह बात जानते थे कि उनके पहुंचने की वजह से स्टाफ तनाव में होगा। तनाव कम करने के लिए उन्होंने तुरंत नर्सों के साथ बातचीत शुरू कर दी। प्रधानमंत्री ने उनके नाम पूछे और यह जाना कि वे कहां की रहने वाली हैं? इसके बाद प्रधानमंत्री ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या वे वेटरनरी में इस्तेमाल होने वाली सुई का इस्तेमाल करेंगी? नर्सों ने इससे इनकार किया, लेकिन वे समझ नहीं पाईं कि आखिर प्रधानमंत्री ऐसा सवाल क्यों कर रहे हैं? प्रधानमंत्री तुरंत बोले- ‘नेता मोटी चमड़ी वाले होते हैं। इसलिए पूछा कि क्या कोई खास और मोटी सुई टीका लगाने में इस्तेमाल होगी।’ इतना सुनते ही नर्सों ने ठहाका लगाया। नर्सों का तनाव गायब हो चुका था। इसके बाद प्रधानमंत्री ने नर्स निवेदा और रोसम्मा अनिल के साथ फोटो भी खिंचवाई।
प्रधानमंत्री नर्स से बोले- टीका लगा भी दिया, पता भी नहीं चला
नर्स निवेदा ने बाद में मीडिया को बताया कि हम जब सुबह अस्पताल पहुंचे, तब हमें पता चला कि प्रधानमंत्री जी आ रहे हैं। वैक्सीन लगने के बाद प्रधानमंत्री ने उनसे कहा- लगा भी दिया, पता भी नहीं चला।
मोदी ने दो बार हाथ जोड़कर कहा- वणक्कम
नर्स रोसम्मा अनिल ने बताया कि आज का दिन मेरी जिंदगी का सबसे खुशी भरा दिन था, क्योंकि मोदी को हमने एम्स में वैक्सीन लगते देखी। उन्होंने हाथ जोड़कर हमसे कहा- वणक्कम। मोदी जी को कोवैक्सिन लगने के बाद 30 मिनट तक ऑब्जर्वेशन में रखा गया। उन्हें कोई दिक्कत महसूस नहीं हुई। वे काफी खुश थे। आधे घंटे बाद जब वे अस्पताल से रवाना होने वाले थे, तब वे दोबारा हमारे पास आए और हाथ जोड़कर कहा- धन्यवाद, वणक्कम।
पुडुचेरी और केरल की नर्स, असम का गमछा; तीनों राज्यों में चुनाव हैं
प्रधानमंत्री असम का गमछा गले में डालकर दिल्ली AIIMS पहुंचे। यहां पुडुचेरी की नर्स ने उन्हें टीका लगाया, इस दौरान केरल की सिस्टर पास में खड़ी थीं। दिलचस्प ये है कि इन तीनों राज्यों में 27 मार्च से 6 अप्रैल तक विधानसभा चुनाव होने हैं।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *