- जल प्रहरी मोहन नागर करेंगे नागरिकों के साथ मंथन

सारनी। सतपुड़ा डेम की सफाई को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की बैठक आज सुबह 11 बजे से छठ घाट सारनी में आयेजित की गई है। इस बैठक में भारत भारती आवासीय विद्यालय के सचिव एवं जल प्रहरी सम्मान से पुरस्कृत मोहन नागर मछुआरा समितियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के साथ मंथन करेंगे। बैठक में सतपुड़ा डेम के अस्तित्व को बचाने एवं चाइनीज झालर उन्मूलन को लेकर विमर्श किया जाएगा। इस हेतु सतपुड़ा जलाशय स्वच्छता अभियान समिति का गठन किया गया है। इस सम्बंध में जानकारी देते हुए समिति के सदस्य कमलेश सिंह ने बताया कि समिति द्वारा सतपुड़ा डेम की सफाई के लिए समाज से आह्वान किया गया है। समिति की पहली बैठक आज रखी गई है जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
गौरतलब है कि सारनी की एकमात्र बड़ी जल संरचना सतपुड़ा डेम चाइनीज झालर की समस्या से जूझ रहा है। सतपुड़ा ताप विद्युत गृह प्रबंधन द्वारा प्रति वर्ष डेम के 10 प्रतिशत हिस्से की सफाई की जा रही है जो नाकाफी है। पिछले दिनों सांसद विधायक और कलेक्टर की उपथिति में आयोजित कार्यशाला में भी सतपुड़ा डेम का मुद्दा जोर शोर से उठा था। विधायक डॉ योगेश पण्डागरे इस मामले को विधानसभा मे भी उठा चुके है। अब जल प्रहरी मोहन नागर के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ता आगे आए हैं। सतपुड़ा प्रबंधन एवं स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर जनसहयोग से डेम की सफाई की योजना तैयार की जा रही है। समिति के सदस्य मोहन मोरे,नागेंद्र निगम, रणजीत सिंह,किशोर वरदे,प्रकाश शिवहरे, सुधा चन्द्रा,भीम बहादुर थापा सहित सभी सदस्यों ने आज की बैठक में समाज के अधिक से अधिक नागरिकों को शामिल होने की अपील की है।