बैतूल। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार धाकड़ ने बताया कि 8 जनवरी को जिले के तीन स्थानों पर शासकीय और निजी स्वास्थ्य स्वास्थ्य सेवा प्रदाता को प्रथम चरण में दी जाने वाली कोविड वैक्सीन की तैयारियों हेतु ड्राय रन आयोजित किया जायेगा। यह ड्राय रन जिला अस्पताल बैतूल, पाढर चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेहरा में आयोजित किया जायेगा।
जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि इस ड्राय रन में सत्र किस प्रकार लगाया जाना है, इसकी पूरी प्रक्रिया बिना वैक्सीन के सम्पन्न की जायेगी। चूँकि पूर्व से ही रजिस्टर्ड हितग्राहियों को ही यह वैक्सीन दी जाना है अत: ड्राय रन में भी उक्त संस्थाओं में उन पूर्व से रजिस्टर्ड हितग्राहियों में से ही कुछ चिह्नांकित हितग्राहियों की उसी प्रक्रिया से वेक्सीनेशन की मॉक ड्रिल की जायेगी। हर सत्र स्थल पर तीन कक्ष और पाँच व्यक्तियों की ड्यूटी रहेगी।
पहला कक्ष- प्रतीक्षा कक्ष, दूसरा- टीकाकरण कक्ष, तीसरा- देखभाल या निगरानी कक्ष रहेगा। दल के सदस्य के रूप में वैक्सीनेशन ऑफिसर कार्य करेंगे। वैक्सीनेशन ऑफिसर -1 प्रतीक्षा कक्ष में द्वार पर रहेंगे जो पुलिस/होमगार्ड/एन.सी.सी. केडेट/अन्य हो सकते हैं।
वैक्सीनेशन ऑफिसर-1 जांच करेंगे कि यह वही हितग्राही है जिसको चिन्हित किया गया है, मोबाइल पर एसएमएस देखकर व पहचान पत्र देखकर, अपने पास की सूची से मिलान करेंगे और उसे सलाह देंगे कि हाथ धोकर अंदर बैठकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करें, बारी आने पर एक समय पर एक ही हितग्राही टीकाकरण कक्ष में जायेगा।
वैक्सीनेशन ऑफिसर-2 टीकाकरण कक्ष में रहेंगे और परिचय पत्रों की जाँच कर उपयुक्त हितग्राही पाये जाने पर वैक्सीनेशन ऑफिसर के पास टीका लेने हेतु भेजेंगे।
वैक्सीनेटर ऑफिसर उपयुक्त हितग्राही की पुष्टि कर टीका लगायेंगे और टीकाकरण पश्चात 30 मिनिट रुकने को कहेंगे और निगरानी कक्ष में भेजेंगे।
वैक्सीनेशन ऑफिसर 4 एवं 5 भीड़ नियंत्रण करेंगे, वैक्सीनेशन पश्चात निगरानी करेंगे और यदि टीकाकरण पश्चात कोई प्रतिकूलता होती है तो वैक्सीनेटर ऑफिसर और वैक्सीनेशन ऑफिसर 2 को बतायेंगे और प्रतिकूल घटना (ए.ई.एफ.आई) के प्रबंधन में आवश्यक सहयोग करेंगे साथ ही ए.ई.एफ.आई. मैनेजमेंट सेंटर भेजेंगे। जहां चिकित्सा अधिकारी द्वारा ए.ई.एफ.आई. प्रबंधन किया जायेगा। सत्र स्थल पर हाथ धोने की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, शौचालय, किसी गंभीर स्थिति हेतु 108 वाहन की व्यवस्था (ऑन कॉल) उपलब्ध रहेगी।
कोविड वैक्सीन के ड्राय रन का आयोजन 8 जनवरी को
+ There are no comments
Add yours