शाहपूर। शासकीय महाविद्यालय शाहपुर में प्रस्तावित नेक मूल्यांकन हेतु समीक्षा बैठक का आयोजन शुक्रवार को किया गया। प्राचार्य प्रोफेसर एम डी वाघमारे ने बताया कि नेक का मुख्यालय बेंगलुरु में है। यह संस्थान भारत सरकार द्वारा शासित स्वायत्त संस्थान है। जो देश भर के उच्च शिक्षा संस्थानों का मूल्यांकन कर उन्हें ग्रेड प्रदान करता है। प्रदेश के लगभग 449 शासकीय महाविद्यालयों से में से 54 महाविद्यालयों का चयन नैक मूल्यांकन हेतु किया गया है। उसमें शासकीय महाविद्यालय शाहपुर का नाम भी शामिल है।
अच्छी ग्रेडिंग पर मिलेगा भरपूर बजट
आइ क्यू ए सी के कोऑर्डिनेटर डॉ शीतल चौधरी के अनुसार नेक की प्रक्रिया अत्यंत पारदर्शी एवं व्यापक होती है। विगत 5 सत्रो की संपूर्ण जानकारी को सेल्फ स्टडी रिपोर्ट के रूप में ऑनलाइन जमा करना होता है। उक्त प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण करने के पश्चात नेक की टीम महाविद्यालय का निरीक्षण कर ए, बी, सी, डी में से ग्रेड प्रदान करती है। ए ग्रेड सबसे अच्छी होती है। जिसके लिए महाविद्यालय प्रयासरत है।
आंतरिक गुणवत्ता सुनश्चयन प्रकोष्ठ करेगा मार्गदर्शन
महाविद्यालय में आंतरिक गुणवत्ता सुनश्चयन प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। प्रोफेसर डॉक्टर संजय बाणकर ने बताया कि प्रकोष्ठ में शाहपुर ब्लॉक के अनुभवी शिक्षाविदों के साथ-साथ वर्तमान व भूतपूर्व छात्रों को भी सम्मिलित किया गया है। भविष्य में महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु महत्वपूर्ण निर्णय आइ क्यू ए सी द्वारा ही लिए जाएंगे।
मास्टर फैसिलिटेटर ने दूरभाष पर दिया प्रशिक्षण
प्रोफेसर पूनम देशमुख ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के द्वारा भोपाल स्थित उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान में कार्यरत प्रोफेसर डॉ अंजलि आचार्य को शाहपुर महाविद्यालय में नैक मूल्यांकन हेतु मास्टर फैसिलिटेटर नियुक्त किया गया है। जिन्होंने शुक्रवार को दूरभाष के माध्यम से सभी प्राध्यापक गणों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण व मार्गदर्शन प्रदान किया।
अधोसंरचना विकास के खुलेंगे रास्ते
आदिवासी बहुल क्षेत्र में उच्च शिक्षा की अलख जगाने वाले शासकीय महाविद्यालय शाहपुर को नेक के द्वारा अच्छी ग्रेड मिलने पर अधोसंरचना विकास के लिए करोड़ों रुपए की अतिरिक्त मदद केंद्र सरकार से अनुदान के रूप में मिलने के नए रास्ते खुलेंगे। जिससे वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। एनएसएस इकाई के दल नायक छात्र प्रदीप उइके ने बताया कि हम इस प्रस्तावित नैक मूल्यांकन हेतु बहुत उत्साहित हैं और महाविद्यालय की इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से सम्मिलित होकर सहयोग करे।
+ There are no comments
Add yours