आत्महत्या-हत्या-ड्रग्स-जहर: आखिर क्या है सुशांत सिंह राजपूत की मौत का राज?

Estimated read time 1 min read

सारनी ( रंजीत सिहं )। आखिरकार एनसीबी की जांच में रिया चक्रवर्ती का ड्रग्स कनेक्शन पाया गया और उसे कोर्ट द्वारा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में मुंबई की भायखला जेल भेज दिया गया। इसके पूर्व एनसीबी द्वारा पूछताछ के उपरांत रिया चक्रवर्ती के भाई समेत कई अन्य को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन वह प्रश्न अभी भी अनुत्तरित है जिसके लिए यह पूरी कवायद शुरू हुई। आत्महत्या-हत्या-ड्रग्स-जहर, आखिर कैसे हुई सिने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत।
14 जून को सुशांत सिंह राजपूत की मौत की बात सामने आने पर सबसे पहले उसे आत्महत्या बताया गया एवं प्रशंसकों के एक वर्ग विशेष द्वारा इसके लिए नेपोटिज्म को जिम्मेदार ठहराया गया और कई मशहूर फिल्मी हस्तियों तथा घरानों के प्रति जमकर गुस्सा प्रकट किया गया। मुंबई पुलिस द्वारा भी अभिनेता की मौत को आत्महत्या मानकर जांच शुरू की गई और कई लोगों से पूछताछ भी शुरू हुई। जांच किसी नतीजे पर पहुंचती इसके पूर्व ही अभिनेता की मौत को बिहार की अस्मिता से जोड़ दिया गया और बिहार के कई नेता, अभिनेता, गणमान्य जन सुशांत सिंह राजपूत को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतर आए, सीबीआई जांच की मांग शुरू हो गई।
28 जुलाई को घटनाक्रम में एकाएक परिवर्तन हुआ और दिवंगत अभिनेता के पिता द्वारा उनकी मौत के लिए सीधे-सीधे उनकी पूर्व साथी रिया चक्रवर्ती को जिम्मेदार ठहराते हुए, पैसों में हेरफेर एवं अभिनेता को ड्रग्स आदि देने का आरोप लगाते हुए पटना में एफ आई आर दर्ज कराई गई और मुंबई पुलिस की जांच पर असंतोष व्यक्त करते हुए प्रकरण की जांच सीबीआई, ईडी आदि केंद्रीय एजेंसियों से कराने की मांग की गई। मुंबई पुलिस के विरोध बिहार पुलिस की जांच, सुप्रीम कोर्ट से होते हुए मामला सीबीआई के पास है और जांच जारी है। इसी बीच दिवंगत अभिनेता के पिता द्वारा रिया चक्रवर्ती पर सुशांत सिंह को सीधे-सीधे जहर देकर मारने का आरोप भी लगाया गया।
इस घटनाक्रम के बीच ही अभिनेत्री और उसके साथियों के कुछ व्हाट्सएप चैट सामने आए जिनमें वह किसी को ड्रग्स देने और खरीदने की बात कर रही है। इसी आधार पर मामले में एनसीबी की एंट्री हुई और सभी से पूछताछ कर उनको गिरफ्तार कर लिया गया है। किंतु असल मुद्दा अभी भी अनसुलझा है आखिर सुशांत सिंह राजपूत की मौत हुई कैसे?

More From Author

+ There are no comments

Add yours