बैतूल। वरिष्ठ पत्रकार मयंक भार्गव ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की है कि पत्रकारों के लिए शासन द्वारा कराये जाने वाले स्वास्थ्य बीमा में वर्तमान में महामारी का रूप ले चुकी कोविड-19 बीमारी को भी शामिल किया जाए।
मध्यप्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग द्वारा पत्रकारों के हित में पत्रकार स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना के तहत अधिमान्य और गैर अधिमान्य पत्रकारों का बीमा 50 प्रतिशत प्रीमियम जमा कर कराया जा रहा है जो कि प्रशंसनीय कार्य है। जिले के वरिष्ठ पत्रकार मयंक भार्गव ने इस गंभीर मुद्दे पर पत्रकारों का हित रखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखने के साथ-साथ ट्वीट भी किया है कि पत्रकार स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना में कोविड-19 को भी शामिल किया जाए।
श्री भार्गव ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि पत्रकार सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में सेतु का काम करते है। ऐसे में पत्रकारों को अधिकांश समय अनेक लोगों से मिलना-जुलना होता है एवं रिपोर्टिंग के दौरान कोरोना से संक्रमित होने का खतरा भी बना रहता है। श्री भार्गव ने इस गंभीर समस्या पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि वर्तमान में चल रही वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के फैलते संक्रमण के चलते पत्रकार स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना में शामिल बीमारियों में कोविड-19 को भी शामिल किया जाए ताकि यदि कोई पत्रकार या उसका परिवार कोरोना पॉजिटिव होता है तो पत्रकार और उसके परिवार का इस बीमा योजना के तहत नि:शुल्क संपूर्ण इलाज किया जाए।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *