• सांस लेने में तकलीफ के बाद परिजन महिला को 22 मार्च को अस्पताल ले गए
  • यहां हालत में सुधार नहीं होने पर उसे इंदौर के अस्पताल में रेफर किया गया था
  • महिला के कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर परिवार के 11 लोगों की जांच कराई

उज्जैन. कोरोना संक्रमण से बुधवार को मध्य प्रदेश में पहली और देश में 12वीं मौत हुई।उज्जैन की रहने वाली 65 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसे पहले सांस लेने में तकलीफ थी और तीन दिन पहले इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया था। संदिग्ध लगने पर सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट मंगलवार देर रात पॉजिटिव आई। इसके बाद पुलिस ने उसके निवास स्थान और उसके आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया।

उज्जैन सीएमएचओ डॉ. अनुसुइया गवली ने बताया कि महिला के परिजन उसे 22 मार्च को चैरिटेबल हॉस्पिटल लाए थे। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए माधवनगर अस्पताल भेज दिया गया। यहां उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। उसके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। रिपोर्ट में वह पॉजिटिव मिली है। महिला संक्रमित कैसे हुई, उसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। महिला की किसी भी तरह की ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। महिला के परिवार में 12 लोग हैं, जिसमें से 11 लोगों को भी जांच के लिए ले जाया गया है। जबकि महिला के परिवार का एक व्यक्ति घर से भाग गया है। स्वास्थ्य विभाग को चिंता है कि अगर वह दूसरों के संपर्क में आया तो संक्रमण फैलने का खतरा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

इंदौर में भी चार लोग कोरोना संक्रमित मिले
इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण जड़िया ने बताया कि मंगलवार रात को पांच लोगों की कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसमें एक उज्जैन की महिला थी, जिनकी मौत हो गई। जबकि चार अन्य मरीज इंदौर के ही अलग-अलग इलाकों में रहते हैं। इन चार में एक महिला है जबकि तीन पुरुष हैं। महिला की उम्र 48 साल है जबकि तीन पुरुषों की उम्र 48 साल, 68 साल और 65 साल है। इन चारों में किसी ने भी पिछले दिनों विदेश यात्रा नहीं की। संक्रमित मिले दो पुरुष दोस्त है और उन्होंने साथ में पिछले दिनों वैष्णोदेवी की तीर्थ यात्रा की थी।

इंदौर में अब तक 222 लोग होम क्वारैंटाइन
स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को 21 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से इंदौर से 13 और आसपास के जिलों के 8 सैंपल हैं। एमजीएम मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब में इनकी जांच की गई। इंदौर में 222 लोग होम क्वारैंटाइन हैं। जबकि 14 की रिपोर्ट आना बाकी है।

मप्र में 15 पाॅजिटिव में एक की मौत
मध्य प्रदेश में जबलपुर, भोपाल, ग्वालिर और शिवपुरी के बाद बुधवार को इंदौर और उज्जैन में भी कोरोनावायरस के संक्रमित मरीज मिले। इंदौर में पॉजिटिव मिले 4 मरीजों में 2 दोस्त हैं, जो पिछले दिनों वैष्णा देवी के दर्शन कर लौटे हैं। इन्हें शहर के बॉम्बे अस्पताल, अरिहंत अस्पताल और एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से उज्जैन में 4 दिन से भर्ती महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य कोरोना के मरीजों की संख्या 14 हो गई है। अब तक जबलपुर में 6, भोपाल, ग्वालियर और शिवपुरी में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *