सारनी। सारनी नगरीय निकाय के वार्ड 18 में 1 अगस्त को बिहार से लौटे 29 वर्षीय युवक के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद बने कंटेन्मेंट जोन का निरीक्षण लगातार जिलाधीश राकेश सिंह, एसडीएम राधेश्याम बघेल एवं घोड़ाडोगरी तहसीलदार मोनिका विश्वकर्मा के द्वारा किया जा रहा हैं। बुधवार को भी घोड़ाडोंगरी तहसीलदार मोनिका विश्वकर्मा ने वार्ड क्रमांक 18 में बने कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया। वही प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान घोड़ाडोंगरी तहसीलदार मोनिका विश्वकर्मा ने कंटेन्मेंट जोन कि देखरेख को उपस्थित कर्मचारियों की जानकारी ली। जिस दौरान नपकर्मी की अनुपस्थित होने पर तत्काल नगर पालिका सीएमओ सीके मेश्राम को कर्मचारी की अनुपस्थिति के बारे में पूछने को कहा। परंतु कुछ देर बाद ही नपा कर्मचारी ने कंटेन्मेंट जोन पहुँचकर तहसीलदार को अवगत कराया कि 5 मिनट पहले ही भोजन करने गया था। जिस पर तहसीलदार मोनिका विश्वकर्मा ने कहा कि अगली बार से ध्यान रहे कि आपको अपना टिफिन साथ लेकर आना है। और कंटेनमेंट एरिया पर जब तक आपकी ड्यूटी है तब तक आपको तैनात रहना होगा। इसके अलावा बताया जाता है कि बार-बार एक परिवार द्वारा कंटेनमेंट एरिया से बाहर आवागमन करने की शिकायत मिलने पर उन्होंने संबंधित परिवार को बुलाकर सख्त लहजे में कहा कि अगर बार-बार कंटेनमेंट एरिया से आप लोग बाहर निकलेंगे तो आप पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस बार पर चालानी कार्रवाई नहीं होगी बल्कि सख्त कार्रवाई होगी। जिसके बाद तहसीलदार ने मौके पर उपस्थित आशा कार्यकर्ताओं से वार्ड की स्थिति के बारे में जानकारियां ली और कहा कि हमें सजग रहना है क्योंकि संक्रमण कहीं भी हो सकता है। इसी दौरान बिना मास्क के कंटेनमेंट जोन के पास से जा रहे एक युवक को रोककर उस पर तहसीलदार ने चालानी कार्रवाई भी की। गौरतलब हो कि प्रशासन कहीं ना कहीं कोरोना संक्रमण को लेकर काफी हद तक गंभीर दिखाई दे रहा है, क्योंकि पाथाखेड़ा तथा शोभापुर क्षेत्र में लगातार रोजाना कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। इसलिए प्रशासन भी काफी हद तक हर वह प्रयास कर रहा है जिससे संक्रमण को रोका जा सके। इसी का जीता जागता उदाहरण है कि घोड़ाडोंगरी तहसीलदार खुद स्वयं क्षेत्र में सड़कों पर निकल कर बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर रही हैं।