• मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है कि ‘हम पर प्रभु श्रीराम की असीम कृपा है
  • राम हमारे आराध्य हैं, राम हमारे भगवान हैं और राम भारत की पहचान हैं

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करके कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ होने पर पूरे देशवासी प्रसन्न हैं। उन्होंने सभी से चार अगस्त की रात्रि में अपने-अपने घर पर दीपमालाएं और लाइटिंग करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा है कि ‘हम पर प्रभु श्रीराम की असीम कृपा है। राम हमारे अस्तित्व हैं, राम हमारे आराध्य हैं, राम हमारे भगवान हैं और राम भारत की पहचान हैं। मैं और देश-प्रदेश की जनता पांच अगस्त की उस शुभ घड़ी का इंतजार कर रहे हैं, जिसके लिए असंख्य लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

उन्होंने लिखा है ‘हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे सामने भगवान राम की जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण प्रारम्भ हो रहा है। हम पर प्रभु राम की असीम कृपा है। राम हमारे रोम-रोम में रमे हैं, राम हमारी हर सांस में बसे हैं। मंदिर के निर्माण के साथ ही देश में पीएम श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रामराज्य आएगा। सारा देश गदगद और प्रसन्न है। मेरी सभी से अपील है, चार अगस्त की रात को अपने-अपने घर दीपमालाएं और विद्युत बल्ब की लड़ियां जलाएं।’

मुख्यमंत्री ने लिखा है ‘हम प्रत्यक्ष रूप से अयोध्या नहीं जा सकते, लेकिन घर पर रहकर ही भगवान राम की पूजा करें, सुंदरकांड का पाठ करें।’ मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है ‘ओरछा में श्री रामराजा विराजते हैं, ये ही राजा हैं प्रदेश के, 4 और 5 अगस्त को रामराजा मंदिर को विशेष रूप से सजाया जाएगा। राम राजा मंदिर में पुजारीगणों द्वारा विशेष पूजा अर्चना होगी। कोरोना संक्रमण न हो, इसलिए सभी ओरछावासी घर पर ही रहकर रामराजा की पूजा आराधना कर दीपोत्सव मनाएं।’

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *