सारनी। नगर पालिका सारनी द्वारा नगरीय निकाय के झुग्गी-झोपड़ी में निवास करने वाले सभी गरीब, जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क मास्क उपलब्ध कराया जाएगा, इसके साथ ही 1 अगस्त से 15 अगस्त तक जन जागरूकता अभियान चलाकर मास्क एवं कोविड-19 को लेकर आमजन को जागरूक किया जाएगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीके मेश्राम ने बताया कि कोविड-19 कोरोना संक्रमण जैसी वैश्विक महामारी के बचाव हेतु नगर पालिका सारनी द्वारा आम नागरिकों से अपील है कि वे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मास्क का उपयोग अनिवार्य रूप से करें एवं शासन निर्देशों के पालन में निकाय द्वारा समय-समय पर जारी अपीलों की सूचनाओं का पालन करें। मुख्य नगर पालिका अधिकारी मेश्राम ने बताया कि क्षेत्र के नागरिकों को कोविड-19 कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु 1 अगस्त से 15 अगस्त तक जन-जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। इस दौरान आम नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया जायेगा। नगरीय क्षेत्र में जरूरतमंद नागरिकों को मास्क का वितरण किया जायेगा, इसके लिये निकाय स्तर पर मास्क बैंक स्थापित किया गया है। जिसके लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने नगर पालिका क्षेत्र के अशासकीय स्वयंसेवी संगठनों एवं नागरिकों से मास्क दान करने की अपील की। जिसमें स्वयंसेवी संस्था, व्यवसायिक संस्थान विभिन्न विभागों, दानदाता निकाय के मास्क बैंक में अधिक से अधिक मास्क दान स्वरूप उपलब्ध करा सकते हैं। चूंकि निकाय के माध्यम से जरूरतमंद नागरिकों एवं झुग्गी झोपडीवासियों में निवासरत नागरिकों को निःशुल्क मास्क वितरण कर कोविड-19 के बचाव हेतु जागरूक किया जावेगा। क्षेत्र के स्वयंसेवी संस्थाएं स्वप्रेरणा से मास्क तैयार कर निकाय के मास्क बैंक में दान स्वरूप उपलब्ध कर शासन के एक मास्क- अनके जिन्दगी जन-जागरूकता अभियान में प्रभावी सहयोग कर सकती हैं। वही इस हेतु अभियान के नोडल अधिकारी नितिन मीणा उपयंत्री मो. 9399184238 वार्ड क्र. 01से 18 तक एवं मनोज अग्रवाल उपयंत्री मो. 9425658267 वार्ड क्र. 19 से 36 तक में संबंधित नोडल से संपर्क कर सकते हैं।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *