संस्कार भारती की साधारण सभा संपन्न

Estimated read time 1 min read

सारनी। संस्कार भारती समाज में विभिन्न कलाओं से जुड़े कलाकारों को प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देकर उनकी कला प्रतिभा में निखार लाने का कार्य करती है। संस्कार भारती द्वारा समाज में सांस्कृतिक प्रदूषण को रोकने के लिए भारतीय मूल्य आधारित विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन किए जाते हैं। जनसामान्य में अपनी संस्कृति के प्रति अपनत्व का भाव जागृत हो इसके लिए भी संस्कार भारती द्वारा समय-समय पर राष्ट्रीय गीत प्रतियोगिता, कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, नृत्य, रंगोली, मेहंदी, चित्रकला, काव्य यात्रा, कवि सम्मेलन आदि अनेक कार्यक्रम किए जाते हैं। हमें अपनी इकाई को सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए कला क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों को जोड़ना चाहिए और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करना चाहिए।संस्कार भारती के कार्यक्रम घर घर तक पहुँचे, इसकी भी योजना बनाना चाहिए। यह विचार सरस्वती विद्या मंदिर में संस्कार भारती की सारनी इकाई द्वारा आयोजित साधारण सभा में मध्य भारत प्रांत के सह महामंत्री मोतीलाल कुशवाहा ने व्यक्त किए। इससे पूर्व मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं भगवान नटराज का पूजन कर साधारण सभा का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात् संस्कार भारती के ध्येय गीत का सामूहिक गान किया गया। अतिथि परिचय एवं स्वागत श्रृंखला के उपरांत इकाई के महामंत्री दीपक वर्मा ने वर्षभर की गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा कोषाध्यक्ष राहुल कदम ने आय व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने करतल ध्वनि से पारित किया। साधारण सभा की अध्यक्षता कर रहे अंबादास सूने ने समाज में बढ़ते सांस्कृतिक प्रदूषण को रोकने के लिए संस्कार भारती के कार्यों की महत्ता को रेखांकित किया एवं केंद्रीय कार्यकारिणी द्वारा पारित प्रस्ताव का वाचन कर, साधारण सभा में वर्ष 2020-21 के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। इस अवसर पर प्रांतीय सह महामंत्री मोतीलाल कुशवाहा ने इकाई के नए दायित्वों की घोषणा भी की। इकाई की नई कार्यकारिणी में अंबादास सूने अध्यक्ष, बाबूराव गीद उपाध्यक्ष, दीपक वर्मा महामंत्री, राहुल कदम मंत्री, संतोष प्रजापति कोषाध्यक्ष, मनीष सिंह चौहान आईटी सेल प्रमुख, शुभ्रा केसरवानी मातृशक्ति प्रमुख, राजेन्द्र तिवारी साहित्य विधा प्रमुख, पुरुषोत्तम वर्मा संगीत कला प्रमुख, पुष्प लता बारंगे चित्रकला प्रमुख, पवन मेहरा नाट्यकला प्रमुख एवं मोतीराम जवने प्राचीन कला प्रमुख का दायित्व दिया गया है।
साधारण सभा में पदाधिकारियों के अलावा लक्ष्मणराव धोटे, ब्रजेश सोनी, जितेन्द्र ठाकुर   बाची नायडू, प्रतिभा ठाकुर, अनय राज ठाकुर आदि उपस्थित रहे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours