जिले में प्रवासी मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने ग्राम पंचायतें नियोक्ता के रूप में पंजीकृत की जाएंगी

Estimated read time 1 min read

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित
हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने में कोई अवरोध न आए-सांसद डीडी उइके
बैतूल।
सांसद डीडी उइके ने कहा कि केन्द्र सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर प्रभावशाली तरीके से हो। साथ ही योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इस व्यवस्था में कोई अवरोध नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी सबसे पहली प्राथमिकता लोगों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना होना चाहिए। श्री उइके शुक्रवार को जिला पंचायत में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में विधायक आमला डॉ. योगेश पण्डाग्रे, विधायक घोड़ाडोंगरी ब्रह्मा भलावी, जिला पंचायत अध्यक्ष सूरजलाल जावलकर, कलेक्टर राकेश सिंह एवं सीईओ जिला पंचायत एमएल त्यागी सहित समिति सदस्य एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए सांसद डीडी उइके ने कहा कि किसानों को समय पर खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बीज उत्तम गुणवत्ता का हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनजातीय क्षेत्रों में मोटे अनाज-कोदो, कुटकी, ज्वार, बाजरा इत्यादि की बुवाई के लिए भी कृषकों को प्रोत्साहित किया जाए। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सडक़ों के दुरुस्तीकरण पर ध्यान दें। साथ ही जिले के अधिक से अधिक गांव मुख्य सडक़ों से जुड़े, इस तरह की कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि अधिकतम ग्रामीण क्षेत्र आवागमन के लिए सुगम हो सके। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान अपूर्ण नल-जल योजनाओं की स्थिति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करने के विभागीय अधिकारी को निर्देश दिए गए। बैठक में आपूर्ति विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री उज्जवला योजना तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम के क्रियान्वयन पर समीक्षा की गई। इसी तरह ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा के अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों की प्रगति से भी समिति सदस्यों को अवगत कराया गया।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किए गए प्रबंधों की सराहना
बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी दी गई। जिस पर सांसद सहित समस्त सदस्यों ने जिला प्रशासन द्वारा कोरोना प्रबंधन हेतु जिले में किए गए उपायों की सराहना की।
किसानों को उत्तम गुणवत्ता का बीज मिले
बैठक में बीज समितियों द्वारा किसानों को उपलब्ध कराए गए प्रमाणित बीज न उगने के मुद्दे को लेकर कृषि विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए गए कि वे जिन कृषकों को बीज प्रदान किया गया है, उनकी सूची तैयार करें एवं बीज उगने की स्थिति का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट शासन को भेजें।
प्रवासी मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोज़गार उपलब्ध कराने ग्राम पंचायतें नियोक्ता के रूप में पंजीकृत की जाएंगी
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एमएल त्यागी ने बताया कि प्रवासी मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों को नियोक्ता के रूप में पंजीकृत किया जा रहा है। ग्राम पंचायतें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कार्यों में मजदूरों को नियोजित करेगीं। विभिन्न कार्यों में दक्ष मजदूरों को भी ग्राम पंचायतों द्वारा स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

More From Author

+ There are no comments

Add yours