• सुशांत का शव कुछ देर में परिवार को सौंप दिया जाएगा। उनके बहनोई ओपी सिंह ने इसके लिए पेपर पर साइन किए।
  • पुलिस ने परिवार से कहा- विले पारले या बांद्रा में अंतिम संस्कार किया जा सकता है। आखिरी फैसला परिवार को करना है। 
  • सुशांत के मामा ने न्यायिक जांच और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने सीबीआई जांच की मांग की
  • माना जा रहा कि सुशांत लॉकडाउन की वजह से डिप्रेशन के इलाज के लिए डॉक्टर से सलाह नहीं ले पाए

    मुंबई. बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का आज मुंबई में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके पिता केके सिंह, बड़ी बहन और चचेरे भाई विधायक नीरज कुमार फ्लाइट से मुंबई जा रहे हैं। नीरज का कहना है कि परिवार पटना में अंतिम संस्कार करना चाहता था, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। सुशांत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी फांसी की बात साबित हुई है। विसरा जांच के लिए भेजा गया है, इससे शरीर में जहर की मौजूदगी पता चलेगी।
बेटे की मौत की खबर के बाद से सुशांत के पिता (बीच में नीली टी-शर्ट में) बदहवास से हो गए हैं। मुंबई के लिए निकलते समय भी लोगों ने उन्हें पकड़कर गाड़ी में बैठाया।

कहीं लॉकडाउन ने तनाव तो नहीं बढ़ाया?

34 साल के सुशांत ने रविवार सुबह बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस को सुशांत के कमरे से एक फाइल मिली है, जिससे पता चलता है कि वह छह महीने से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे। माना जा रहा है कि इस बीच लॉकडाउन की वजह से वे शायद अपने डॉक्टर के पास नहीं जा पाए। सुशांत के मामा ने इस मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। उधर, जन अधिकार पार्टी के नेता और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने सीबीआई जांच की मांग की है।

देर रात दोस्त को और सुबह बहन को फोन किया था
जानकारी के अनुसार, सुशांत ने शनिवार रात 12:45 बजे अपने एक एक्टर दोस्त को कॉल किया, लेकिन उसने रिसीव नहीं किया। रविवार सुबह सुशांत उठे। उन्होंने करीब 9 बजे जूस पिया। इसके बाद मुंबई में ही रहने वाली अपनी बहन को फोन किया, फिर बेडरूम में चले गए। दोपहर 12:30 बजे उनके कुक ने लंच के लिए कई बार दरवाजा खटखटाया। मोबाइल पर कॉल किया। जब कोई जवाब नहीं मिला तो उनकी बहन को फोन लगाया। बहन के आने के बाद चाबी वाले को बुलाकर बेडरूम का दरवाजा खोला गया। अंदर सुशांत की लाश लटकी मिली।

शव की फोटो शेयर करने वालों पर कार्रवाई होगी
सोशल मीडिया पर सुशांत के शव की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। इसे देखते हुए महाराष्ट्र पुलिस की साइबर सेल ने चेतावनी जारी की है। साइबर सेल की तरफ से कहा गया है कि सुशांत के शव की फोटो शेयर करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाई ने कहा- नवंबर-दिसंबर तक शादी होने वाली थी

सुशांत के भाई नीरज ने कहा कि हाथ से फिल्म जाना आत्महत्या की वजह नहीं हो सकती है। सुशांत किसी तरह की फाइनेंशियल क्राइसिस से भी नहीं गुजर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि सुशांत की शादी नवंबर-दिसंबर में होने वाली थी।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *