सारनी में नई यूनिट की स्थापना के लिए सक्रिय हुए विधायक, एमपीजीसीएल के अधिकारियों के साथ की बैठक

Estimated read time 0 min read

सारनी(ब्यूरो)। सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी में नई यूनिट की स्थापना सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर विधायक डॉ योगेश पण्डागरे ने मंगलवार की शाम अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य अभियन्ता कार्यालय के सभागृह में आयोजित बैठक में मुख्य अभियन्ता हेमन्त संकुले सहित एमपीजीसीएल के अधिकारी एवं भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों से फीड बैक लेने के बाद विधायक ने कहा कि शीघ्र ही प्रशासकीय स्वीकृति दिलाने का प्रयास करेंगे।बैठक में भाजपा नेताओं ने पर्यटन विभाग द्वारा डेम रोड पर निर्मित पार्क के रख रखाव का मुद्दा उठाया। सतपुड़ा डेम से जलकुंभी हटाने के लिए स्थानीय मछुआरों की समितियों को काम देने की मांग उठी। एमपीजीसीएल द्वारा सारनी में निर्मित बस स्टैंड पर कॉम्प्लेक्स बनाने एवं अन्य सुविधाएं बहाल करने के संबन्ध में चर्चा हुई।विधायक ने अधिकारियों से सी एस आर फंड से सारनी क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का व्यौरा मांगा।

गौरतलब है कि सारनी में 660 मेगावाट की नई यूनिट स्थापित करने की घोषणा जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई थी। कांग्रेस सरकार में विधायक डॉ पण्डागरे ने नई यूनिट की स्थापना का मुद्दा विधानसभा में कई बार उठाया था। प्रदेश में एक बार फिर सत्ता बदलने के बाद विधायक ने इस मुद्दे पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर विधायक ने ताजा स्थितियों की जानकारी ली।विधायक ने बताया कि अब शीघ्र ही मुख्यमंत्री जी से चर्चा कर राज्य सरकार से प्रशासकीय स्वीकृति दिलाने का प्रयास करेंगे।एमपीजीसीएल से संबंधित अन्य समस्यायों के निराकरण के लिए जबलपुर के अधिकारियों से चर्चा करेंगे।

एमपीजीसीएल के अधिकारियों के साथ लगभग एक घण्टे तक चली बैठक में छोटे ठेकेदारों को काम देने,खंडहर होते कम्पनी के आवासों को अन्य विभाग के कर्मचारियों को आवंटित करने, डेम में जलकुंभी की सफाई स्थानीय मछुआरों से कराने का मुद्दा छाया रहा। बैठक में भाजपा नेता पीजे शर्मा, कमलेश सिंह,रंजीत सिह, दशरथ सिंह जाट, सुधा चंद्रा, संजय अग्रवाल, भीम बहादुर थापा, बंडू मकोड़े, अतिरिक्त मुख्य अभियंता अनिल शर्मा,अतरिक्त मुख्य अभिंयता पी सी निमारे,चीफ कैमिस्ट पी डी गुप्ता,डी के कश्यप,डी ई शैलेन्द्र बाग्रदे,मंगल सिगं ध्रुर्वे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours