बैतूल। भीषण गर्मी के दौर में गांवों में पेयजल संकट से हालात बिगड़ रहे हैं तथा अपर्याप्त जलापूर्ति कोढ़ में खाज की स्थिति पैदा कर रही है। पानी के अभाव में गांवों में लोगों को तन झुलसाने वाली गर्मी में बंदोबस्त करना पड़ रहा है। जल प्रदाय विभाग की उदासीनता के चलते दर्जनों गांवों में पेयजल किल्लत की स्थिति बनी हुई। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पेयजल संकट से राहत दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार आदिवासी कोरकू उन्नतशील समाज ने सांसद डीडी उईके को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीण अंचलों में तत्काल पेयजल व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है। समाज के जिला उपाध्यक्ष पूना सिंह धिकारे ने बताया कि जिले के ग्राम राक्सी, जमन्या, भंडार पानी और सीताढाना समेत कई गांवों में पीने के पानी की किल्लत है। लोगों को भीषण गर्मी में पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। पानी की किल्लत के कारण मवेशियों की हालत दयनीय बनी हुई है। भीषण गर्मी में पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने से जलसंकट की स्थिति बनी हुई है। सांसद ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्द पेयजल समस्या का निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि जल संकट को लेकर विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद सुनवाई नहीं की जा रही है। इससे लोगों में रोष व्याप्त है। अधिकारियों की उदासीनता से ग्रामीण भीषण गर्मी में पानी के लिए तरस रहे है। उन्नतशील समाज ने इसके अलावा ग्राम पिपरिया भैंसदेही के अंतर्गत तीन युवकों की हत्या कर कुएं में फेंकने के मामले में उचित न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपा।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *