- 25 साल संख्या नहीं बदलेगी
- 30 नवंबर को लोकसभा
- 2 दिसंबर को राज्यसभा में बिल आएगा
नई दिल्ली (एजेंसी)। लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई। लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं। 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के बाद ये 815 हो जाएंगी। यानी 272 सीटें बढ़ेंगी। बढ़ाई गई सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। कुल सीटों की यह संख्या अगले 25 साल तक नहीं बदलेगी। सरकार इसे 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से बिल पर बहस में हिस्सा लेने की अपील की है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार बिल पास कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटा रही है। 16 अप्रैल को संसद में जो बिल पास नहीं हो सका था। उसमें जनसंख्या आधारित परिसीमन के जरिए सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना थी, जिससे राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात बदलने की आशंका थी। अब नए बिल में सभी राज्यों की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी और 2051 तक राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात बनाए रखने की योजना है। यानी नए प्रस्ताव का मुख्य बदलाव यह है कि लोकसभा में सीटें तो बढ़ेंगी, लेकिन किसी राज्य की दूसरे राज्य के मुकाबले मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी कम नहीं होगी।
अप्रैल में 54 वोट से बिल गिर गया था
मोदी सरकार ने 16 से 18 अप्रैल 2026 को संसद का विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल पेश किए थे। तर्क दिया कि 2029 चुनाव तक महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए इन्हें पारित होना जरूरी है। विधेयक के पक्ष में 298 सांसदों ने वोट दिया। इसके विरोध में 230 सांसदों ने वोट दिया। वोटिंग के दौरान सदन में कुल 528 सांसद मौजूद थे। संविधान संशोधन पारित कराने के लिए मौजूद और वोट करने वाले सांसदों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत थी। इस हिसाब से विधेयक को कम से कम 352 वोट चाहिए थे। विधेयक को 298 वोट ही मिले, यानी यह 54 वोट से पास नहीं हो सका।
लोकसभा में 40, राज्यसभा में 11 सांसदों की जरूरत
लोकसभा में एनडीए के साथ 320 सांसद हैं। फिलहाल 3 लोकसभा सीटें खाली हैं। यानी लोकसभा में अधिकतम 540 सांसद बिल पर वोटिंग करेंगे। इस हिसाब से लोकसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 360 के आंकड़े से एनडीए अभी 40 वोट पीछे हैं। राज्यसभा में एनडीए के साथ 151 सांसद हैं। राज्यसभा में 243 सांसद वोट करेंगे। इस हिसाब से राज्यसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 162 के आंकड़े से एनडीए अभी 11 वोट पीछे हैं।
पहली स्थिति- सभी 540 सांसद वोटिंग करें तो सरकार को तीन पार्टियों (डीएमके, एनसीपी-एसपी और वायएसआरसीपी) का समर्थन चाहिए। साथ ही क्रॉस वोटिंग की भी जरूरत पड़ेगी।
दूसरी स्थिति- यूपी चुनाव को देखते सपा वोटिंग से बच सकती है। क्योंकि बिल के खिलाफ वोट करने पर आगामी चुनाव में भाजपा इसको मुद्दा बना लेगी। सपा के अनुपस्थित रहने से केंद्र सरकार की राह आसान हो जाएगी।