विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे एवं गंगा उईके ने भी किया संबोधित

बैतूल। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पीएम एक्सीलेंस जेएच कॉलेज बैतूल के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री एवं सांसद श्री दुर्गादास उईके के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, जिला पंचायत सदस्य श्री राजा ठाकुर, श्री अजय वर्मा, श्री जगत उईके तथा कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे, जेएच कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती मीनाक्षी चौबे सहित अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके द्वारा उपस्थित जनों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। इस अवसर पर संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा एवं उसके महत्व पर आधारित वीडियो क्लिप्स का प्रसारण भी किया गया। महाविद्यालय के विद्यार्थी भावना सूर्यवंशी एवं भूपेंद्र यादव ने भी संविधान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में आयोजित युवा संवाद के अंतर्गत संविधान आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है –श्री उईके
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 नवंबर का दिन हम सभी भारतीयों के लिए गौरव और ऐतिहासिक महत्व का दिन है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। भारतीय संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। संविधान निर्माण में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान अतुलनीय एवं अविस्मरणीय है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया था। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और समानता के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। हमें संविधान में निहित मूल्यों को अपने आचरण और व्यवहार में अपनाना चाहिए। समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर उपलब्ध कराना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षित बनें, संगठित रहें और संविधान के आदर्शों का पालन करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं विकास में सहभागी बनें। बाबा साहेब के विचारों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश को न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुता के चार प्रमुख मूल्यों पर आधारित मजबूत व्यवस्था प्रदान की है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को आगे बढ़ने, नवाचार करने और अपनी प्रतिभा का उपयोग करने के अवसर उपलब्ध कराए हैं। आज भारत विज्ञान, तकनीक, सामरिक क्षमता और आर्थिक विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकार प्रदान करता है, लेकिन उन अधिकारों के साथ हमारे कर्तव्य भी जुड़े हुए हैं। देश को आगे ले जाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। केवल सरकार की नीतियों से ही देश विकसित नहीं बनता, बल्कि प्रत्येक नागरिक के परिश्रम, कार्यक्षमता और योगदान से राष्ट्र की प्रगति सुनिश्चित होती है।
विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि आज देश का प्रत्येक नागरिक सम्मान, स्वतंत्रता और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहा है, तो इसमें भारतीय संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका है। बाबा साहेब ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देश को ऐसी संवैधानिक व्यवस्था प्रदान करने में योगदान दिया, जिसमें प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों को सुनिश्चित किया गया है।
निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता हुए पुरस्कृत
संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्री नितेश वायकर, द्वितीय स्थान सुश्री नमिता धोटे तथा तृतीय स्थान सुश्री इस्तमा फातिमा ने प्राप्त किया। इसी प्रकार पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुश्री दृष्टि उघड़े, द्वितीय स्थान सुश्री अनुष्का पंडोले तथा तृतीय स्थान पुनः सुश्री दृष्टि उघड़े ने प्राप्त किया। अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में जेएच कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती मीनाक्षी चौबे ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्राध्यापक श्रीमती निहारिका भावसार ने किया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *