• संविधान गौरव दिवस पर विजय भवन में संगोष्ठी संपन्न

बैतूल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संविधान गौरव दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा जिला कार्यालय विजय भवन  में संगोष्ठी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बतौर केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद दुर्गादास उइके ने भारतीय संविधान की महत्ता, उसकी मूल भावना तथा संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्री उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में संविधान को जन-जन तक पहुंचाने और उसके सम्मान एवं गौरव को नई पहचान देने का ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत को एकता के सुत्र में पिरोने का माध्यम है। देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता, समानता और नागरिकों के अधिकारों का आधार स्तंभ है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर देश को एक ऐसी संवैधानिक व्यवस्था प्रदान की, जो प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, न्याय और सम्मान का अवसर देती है। उनके विचार आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हमें संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। श्री उइके ने कहा कि संविधान गौरव दिवस हमें बाबा साहब के योगदान को स्मरण करने के साथ-साथ संविधान के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में संविधान की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता एवं आमला विधायक डा.योगेश पंडाग्रे ने कहा कि हमारे देश पर विदेशी आकांताओं ने समय समय पर हमले किए जब देश आजाद हुआ तब भाषा, जाती और क्षेत्रवाद के नाम पर अंग्रेजो की नीति से बटा देश संघर्ष कर रहा था तब संविधान ने सबको सम्मान और समानता के साथ साथ अधिकार और कर्तव्यों का बोध कराया। श्री पंडाग्रे ने कहा कि भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में बनी संविधान समिति ने देश को ऐसा दस्तावेज उपलब्ध कराया जिससे सबको आगे बढने का अवसर मिला। कांग्रेस ने कभी अंबेडकर जी का सम्मान नही किया आज संविधान की बात करने वाली कांग्रेस के कार्यकाल में आपातकाल का उदाहरण हमें काले इतिहास से रूबरू कराता है। श्री पंडाग्रे ने कहा कि कांग्रेस को संविधान की सही परिभाषा समझना चाहिए झूठ बोलकर जनता को गुमराह ना करें संविधान हमारे भारत की मुख्य पहचान है इसका सम्मान करें। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए घोडाडोगरी विधायक गंगा उइके ने कहा कि महिलाओं के सम्मान की रक्षा का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में संवैधानिक स्वरूप में किया गया हर घर नल से जल हो या घर घर शौचालय या उज्जवला गैस हर जगह महिलाओं के गौरव और सम्मान को संविधान के साथ बराबर मौका मिला है। संगोेष्ठी का संचालन जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने किया एवं आभार व्यक्त अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष किशोर बरदे द्वारा किया गया। इस अवसर पर संविधान की गौरव गाथा को प्रदर्शित करती चित्रप्रदर्शनी भी लगाई गई। जिसे आमजनों ने जमकर सराहा। संगोष्ठी के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, राजा ठाकुर, नपाध्यक्ष पार्वती बारस्कर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, विधायक प्रतिनिधि अजय वर्मा, अजा मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष मुकेश झारे, पिछडा वर्ग मोर्चा प्रदेश मंत्री अतीत पंवार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विक्रम वैद्य, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष महेश्वर सिंह चंदेल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीता देशमुख, पिछडा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रशांत गावंडे, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष संतोष टेकाम विशेष रूप से मंचासीन रहे। इस अवसर पर बडी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *