• बैतूल जिला प्रेरक नियुक्त, संगठन विस्तार और सामाजिक कार्यक्रम कारएंगी

बैतूल। पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे को लंबे राजनीतिक अंतराल के बाद एक नई संगठनात्मक जिम्मेदारी मिली है। रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप दीक्षित ने 23 नवंबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र के माध्यम से उन्हें मध्यप्रदेश के बैतूल जिले का जिला प्रेरक नियुक्त किया है।
खास बात यह है कि आमला विधानसभा से कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने के बाद पार्टी नेतृत्व से नाराजगी जताने वाली निशा बांगरे अब एक बार फिर संगठनात्मक भूमिका में सक्रिय होती नजर आएंगी।
नियुक्ति के साथ ही उन्हें जिले में संगठन विस्तार, जनसंवाद और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। 25 सूत्रीय कार्ययोजना के तहत उन्हें युवाओं, महिलाओं, बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों को जोड़ना होगा। इसके अलावा संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और समानता जैसे विषयों पर जागरूकता अभियान, स्टडी सर्किल और वैचारिक कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। नियुक्ति के बाद निशा बांगरे ने दिल्ली में दो दिन का प्रशिक्षण लिया। इसके बाद वे सीधे बैतूल पहुंची।
डिप्टी कलेक्टर का पद छोड़कर राजनीति में आई थीं निशा
निशा बांगरे का राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। मूल रूप से बालाघाट जिले की रहने वाली निशा ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद निजी क्षेत्र में नौकरी की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी की। वर्ष 2016 में एमपीपीएससी के माध्यम से उनका चयन डीएसपी पद पर हुआ और 2017 में वे डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयनित हुईं। बैतूल जिले के आमला क्षेत्र में भी उनकी पदस्थापना रही। बाद में वे छतरपुर जिले के लवकुशनगर में एसडीएम के रूप में पदस्थ थीं।
जून 2023 में धार्मिक और सर्वधर्म सम्मेलन में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलने का मामला सामने आने के बाद उन्होंने डिप्टी कलेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका इस्तीफा स्वीकार होने में भी काफी समय लगा। इस दौरान उन्होंने बैतूल से भोपाल तक पदयात्रा भी की थी। प्रशासनिक सेवा छोड़ने के पीछे आमला विधानसभा से चुनाव लड़ने की उनकी राजनीतिक मंशा भी चर्चा में रही।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *